मेरठ में तांत्रिक क्रिया पर हंगामा: श्मशान में जलती चिता से खोपड़ी निकाल पकाए जा रहे थे चावल, दो गिरफ्तार
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में अजराड़ा गांव के श्मशान घाट पर शुक्रवार रात तांत्रिक चिता से खोपड़ी निकालकर चावल बनाते मिले। ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ। खरखौदा क्षेत्र के मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव अजराड़ा के श्मशान घाट पर शुक्रवार रात्रि उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ लोग चिता से खोपड़ी निकालकर तांत्रिक क्रिया कर रहे थे। बताया गया कि ये लोग खोपड़ी में चावल पका रहे थे। ग्रामीणों ने देखा तो तीन लोग मौके से फरार हो गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए दोनों आरोपियों में एक मुस्लिम और एक हिंदू समुदाय से है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: FM Visit: अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्ताकी आज देवबंद पहुंचेंगे, दारुल उलूम में होगा स्वागत कार्यक्रम
गांव के दलित युवक गजेंद्र पुत्र वीरपाल की दिल्ली में हत्या हुई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गांव में अंतिम संस्कार किया। देर रात जब कुछ युवक चिता की स्थिति देखने पहुंचे तो उन्होंने श्मशान घाट पर कुछ लोगों को चिता से छेड़छाड़ करते देखा।
शोर मचाने पर आरोपी भागने लगे, मगर ग्रामीणों ने दो को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि तांत्रिक चिता से खोपड़ी निकालकर चावल बना रहे थे। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने दोनों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
अब मृतक के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि तांत्रिक क्रिया करने वाले ही उनके बेटे की हत्या में शामिल हैं। मुंडाली पुलिस ने मौके से तांत्रिक क्रिया में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्या से संबंधित आरोपों की जांच की जा रही है, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।