T20 World Cup 2024: मेरठ के बल्लों से जमकर बरसे रन, टीम इंडिया के इन क्रिकेटर्स ने तैयार कराए बल्ले
भारत ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात रनों से जीत दर्ज कर टी20 विश्व कप 2024 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस बार वर्ल्ड कप में जिन बैट्स से रन बने वो मेरठ में बने थे।
विस्तार
टी-20 वर्ल्ड कप में मेरठ के बल्लों से भी खूब रन बरसे। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी मेरठ की एसएस और एसजी कंपनी के बैट से खेले। वर्ल्ड कप को लेकर खिलाड़ियों की ओर से खास बल्ले तैयार कराए गए थे, जिनसे खूब रन बरसे।
खिलाड़ियों ने अपनी डिमांड के आधार पर बैट तैयार कराए। हार्दिक पंड़या ने खुद मेरठ पहुंचकर बैट तैयार कराया था। ऋषभ पंत और सूर्य कुमार यादव ने भी खुद बैट तैयार कराकर मंगवाया था।
कपिल देव ने मेरठ के बल्लों को लेकर कही थी ये बात
वर्ष 2017 में मेरठ आए कपिल देव ने भी मेरठ के बल्लों की तारीफ करते हुए कहा था कि मेरठ बल्लों की नगरी है। यहां के बल्ले देश-विदेश में धूम मचा रहे हैं। जब भी कोई मेरठ आता था तो हम कहते थे कि हमारे लिए एक बल्ला लेकर आना। उन्हें इस बात का दुख हमेशा रहेगा कि हमारे समय में यहां के उद्यमियों ने ऐसे बल्ले क्यों नहीं बनाए। उस समय के बल्लों में आज जैसी थ्रो और टोन नहीं थी। कपिल देव ने कहा था कि यहां के खिलाड़ी खुशनसीब हैं कि उनका टैलेंट बाहर लाने के लिए स्पांसर मिल रहे हैं।
भारत की जीत पर होटलों में भी हुआ जश्न
मैच को लेकर शहर के सभी बड़े होटलों में काफी इंतजाम किए गए थे। गढ़ रोड, दिल्ली रोड, बाईपास स्थित सभी होटलों में मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। भारत की जीत के बाद सभी लोग होटल में जीत का जश्न मनाते नजर आए।
कई जगहों पर तो होटल संचालकों की ओर से उन्हें स्पेशल ऑफर भी दिए गए। होटल हारमनी इन के संचालक नवीन अरोड़ा ने भी मैच जीतने के बाद जश्न मनाया और ग्राहकों को स्पेशल ऑफर दिए।