Meerut: हस्तिनापुर में मां भद्रकाली दरबार पहुंचे एसएसपी, आषाढ़ के पहले सोमवार को की पूजा, दिए सुरक्षा निर्देश
हस्तिनापुर के मां भद्रकाली मंदिर में आषाढ़ माह के पहले सोमवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पूजा की और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। मंदिर में उत्तर भारत के कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे।
विस्तार
हस्तिनापुर में आषाढ़ माह के पहले सोमवार को मां भद्रकाली सिद्धपीठ मंदिर में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
मध्य गंग नहर किनारे, वन क्षेत्र से सटे अकबरपुर इच्छाबाद के समीप स्थित मां भद्रकाली मंदिर में हर वर्ष आषाढ़ और माघ महीने के प्रत्येक सोमवार को हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सोमवार को एसएसपी ने मां की प्राकृतिक पिंडी स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर के महंत पर्णपुरी महाराज ने उन्हें पूजा संपन्न कराई।
यह भी पढ़ें: प्रेम कहानी का खौफनाक अंत: युगल को साथ जीना था, लेकिन साथ मरने की ठानी, डेयरी से शुरू हुआ रिश्ता, मौत पर खत्म
मंदिर कमेटी अध्यक्ष महकार सिंह से वार्ता के दौरान एसएसपी ने आषाढ़ और माघ में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो लगातार जारी रहा। महंत पर्णपुरी महाराज ने बताया कि श्रद्धालु मां को दूध-दही से बने व्यंजन अर्पित करते हैं और मन्नतें मांगते हैं। ऐसी मान्यता है कि मां भद्रकाली से मांगी गई मुराद व्यर्थ नहीं जाती, यही कारण है कि मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु दोबारा आषाढ़ और माघ के सोमवारों को यहां आते हैं।
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पुलिस बल भी पूरे परिसर में मुस्तैद रहा ताकि दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा में कोई चूक न हो।