सत्ता किसी की हो एसपी साहब- थाना चलाना है तो म्हारा लड़का छोड़ना होगा
भारतीय किसान यूनियन के नेता और रालोद नेताओं ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस का घेराव करते हुए धरना दिया। भाकियू नेताओं ने इंस्पेक्टर सरूरपुर के खिलाफ नारेबाजी की और फर्जी तरह से जेल भेजे गये छुर गांव के युवक को रिहा न करने पर सड़कों पर उतरने का एलान किया। सरूरपुर क्षेत्र के रजापुर में हत्या के मामले में चार दिन पहले पुलिस ने छुर गांव निवासी रामकुमार को हिरासत में लिया था। बाद में पुलिस रामकुमार को सरूरपुर थाने ले गई और फायरिंग करने, धमकी देने, हत्या की साजिश के आरोप में जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर सरूरपुर के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा
सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, रालोद नेता राजुकमार सांगवान, सुनील रोहटा और छुर के ग्रामीण एसएसपी ऑफिस पहुंचे और इंस्पेक्टर सरूरपुर के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा कर दिया। इस दौरान वे पुलिस ऑफिस में त्रिपाल डालकर धरने पर बैठ गए। राकेश टिकैत ने कहा कि यदि एसएसपी और एसपी देहात को धरने से आपत्ति है तो वह अपने ऑफिस से बाहर निकलकर आएं।
सरूरपुर थाना चलाना है तो म्हारा लड़का छोड़ना होगा
एसपी देहात एसके सिंह ने नेताओं को समझाकर शांत किया। राकेश टिकैत ने कप्तान से कहा कि एसपी साहब, सरूरपुर थाना चलाना है तो म्हारा लड़का छोड़ना होगा। सत्ता किसी की हो, इससे हम ना घबराते। यदि दो दिन में युवक को जेल से नहीं छोड़ा गया तो फिर सड़कों पर उतरकर आंदोलन होगा। वहीं एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने कहा कि पूरे मामले में एसपी देहात से निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा। यशवीर सिंह, नरेंद्र खजूरी, कृष्णपाल, संजय दौराला, नवाब सिंह, ईलम सिंह, नरेश चौधरी, गजेंद्र दबुथवा, जगवीर मौजूद रहे।