Election 2024: सपा प्रत्याशी भानु प्रताप बोले- सड़क से संसद तक लड़ी जाएगी ईवीएम और हाईकोर्ट बेंच की लड़ाई
Election 2024 : गठबंधन प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को मेरठ में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सड़क से संसद तक ईवीएम और हाईकोर्ट बेंच की लड़ाई लड़ी जाएगी।
विस्तार
सपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क से संसद तक ईवीएम और पश्चिम में हाईकोर्ट बैंच की लड़ाई लड़ी जाएगी। कोई भी सपा कार्यकर्ता मेरे विरोध में नहीं है। ये विरोधी दलों का प्रचार है। जो विधायक या पदाधिकारी यहां नहीं आए वो किसी व्यस्तता में रहे होंगे। टिकट मांगने का सबको हक है।
टिकट घोषित होने के बाद पहली बार सपा गठबंधन के प्रत्याशी पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। हालांकि, इस दौरान सपा का कोई भी विधायक मौजूद नहीं रहा। वे सब लखनऊ में डटे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अवनीश काजला और आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे।
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और सपा गठबंधन के प्रत्याशी मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जो कर रही है, वह देश के विरोध में है। इलेक्टोरल बांड की बात ऐसी है, जैसे चंदा लो, धंधा दो। मेरठ के जो मुद्दे हैं सारे मुद्दे उठाए जाएंगे। शिक्षा, किसान, बेरोजगारी, पुरानी पेंशन, पश्चिम में हाईकोर्ट बेंच आदि। मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और मेरठ की जनता जिताकर भेजेगी।
यह भी पढ़ें: फ्लैशबैक: भूमि दान कर चर्चा में आए, देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे वीपी सिंह, मुजफ्फरनगर से खोला था मोर्चा
भानु प्रताप बोले- हाजी याकूब को हराया गया था, हारे नहीं थे
सपा गठबंधन के प्रत्याशी भानु प्रताप ने कहा कि 2019 के चुनाव में सपा-बसपा प्रत्याशी हाजी याकूब हारे नहीं थे, बल्कि उन्हें हराया गया था। सब जानते हैं कि वह कैसे हारे थे। इस बार बसपा से गठबंधन नहीं है लेकिन, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से गठबंधन हैं। उनके वोट हमें मिलेंगे और जीतकर संसद तक पहुंचेंगे। राहुल गांधी की गारंटी जनता के हित में है, जबकि प्रधानमंत्री भारत सरकार की गारंटी न देकर मोदी की गारंटी दे रहे हैं। प्रधानमंत्री की गारंटी ऐसी है कि ना तो लोगों को रोजगार मिल रहा है और न ही लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ पा रहे हैं। जहां तक बसपा की बात है तो वह अपने स्तर पर पूरे प्रदेश में चुनाव लड़ रही है।
यह भी पढ़ें: BJP का नया दांव: इन दो सीट से नए चेहरों को मैदान में उतारने की योजना, मेरठ से अरुण गोविल की दावेदारी पक्की