परतापुर में शोएब की हत्या में मुकदमा, छह नामजद, पिता बोले- मामले को छिपा रही पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के परतापुर के कांशी गांव में शोएब की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। गांव में दूसरे दिन भी तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का पहरा रहा। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद घायल शोएब व उसके दोस्त आमिर की पिटाई हुई, जिसमें शोएब की मौत हुई। परतापुर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शोएब का शव गांव पहुंचा तो लोगों की भीड़ उमड़ गई। शहर काजी जैनुराशिददीन भी गांव में पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शोएब के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
पीड़ित परिवार में आक्रोश को देखकर पुलिस ने शोएब के पिता असलम की तहरीर पर गांव के सुनील, सोनू, अंकित, राजपाल, चिन्टू, रामवीर और सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर परतापुर एके मिश्रा के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। गांव में दूसरे दिन भी तनाव की स्थिति को देखते पुलिस फोर्स तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव में मार्च निकाला।
डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी ने शोएब के घायल दोस्त आमिर और घायल जतिन के उपचार की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा। पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि आरोपी किसी भी सूरत में नहीं बचेंगे। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। घायलों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी।
यह था मामला
रविवार दोपहर एक बजे शोएब (18) पुत्र असलम अपने दोस्त आमिर के साथ और दूसरी बाइक पर नदीम और असलम पड़ोसी इटायरा गांव से लौट रहे थे। गांव के बाहरी छोर पर शोएब की बाइक स्पीड ब्रेकर पर चढ़ने के बाद असंतुलित हो गई थी, जिसके चलते वहां से निकल रहे जतिन उर्फ लाला को टक्कर लगी।
उसके पैर मेें फ्रैक्चर आ गया। हादसे में शोएब व आमिर भी घायल हो गए थे। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद लोगों ने बाइक सवार दोनों घायलों की पिटाई की थी। इलाज के दौरान शोएब की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले को हादसा बताया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शोएब के शरीर में कई अंदरूनी चोट के निशान मिले हैं। घटना को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चा चल रही है। स्पीड ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ है, यह घटनास्थल पर भी दिखाई दे रहा है।
घटना को लेकर कुछ लोगों को छोड़कर कोई बोलने को तैयार नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शोएब के सिर व शरीर के अन्य हिस्से में चोट लगना बताया गया है। सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की गहनता से जांच होगी। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट भी आनी बाकी है।
शोएब के पिता असलम बोले, मेरी गोद में बेटे ने दम तोड़ा, मामले को छिपा रही पुलिस
शोएब के पिता असलम इस बात का गम है कि वह बेटे को बचा नहीं पाए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पिता ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंचे और शोएब को उठाकर घर ले गए।
शोएब ने पानी पिया और शौच भी किया। फिर हालत बिगड़ती चली गई, जिसको देखकर शोएब को अस्पताल लेकर जाने लगे। उसने मेरी गोद में आखिरी सांस ली थी। परतापुर के कांशी गांव में पहले भी मारपीट के कई मामले सामने आते रहे हैं, जिसको लेकर तनातनी बनी रहती है।
असलम का आरोप है कि शोएब को पीट पीटकर मारा गया। शोएब ने ही बताया था कि बाइक से जतिन को चोट लग गई थी। उसके बाद लोग उसे उठाकर एक मकान के कमरे में ले गए। खूब पिटाई की और फिर सड़क पर फेंक दिया। असलम ने यह बात चौकी इंचार्ज अमर सिंह को भी बताई थी, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी गई तो तब जाकर हत्या में रिपोर्ट दर्ज हुई।
परिजनों का आरोप है कि शोएब की हत्या करने वालों को पुलिस बचाने में जुटी है। उनको इंसाफ चाहिए। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, इसके बावजूद भी पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी है। भीड़ ने घेरकर शोएब और आमिर को पीटा।
भीड़ में कौन कौन शामिल थे, उसकी जांच होनी चाहिए। जिन लोगों ने शोएब को मारा वह उन्हें जानता तक नहीं था। परिवार का कहना है कि शोएब के शरीर से कहीं से खून नहीं निकला। बाइक से टक्कर लगी थी, जिसका हर्जाना देने को तैयार थे। घायल जतिन का इलाज भी करा देते। आरोपियों के पक्ष में उतरने को लेकर परिजनों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।
शादी में आया था शोएब
परिजनों ने बताया कि शोएब और आमिर दिल्ली में कबाड़ी का काम करते थे। आमिर के चाचा की मंगलवार को बरात जानी थी। शोएब शनिवार रात ही आमिर के साथ दिल्ली से आया था। रविवार को वह आमिर के ही साथ बाइक पर पड़ोसी गांव में गया था और वहां से लौटते समय यह वारदात हुई। शोएब का एक बड़ा और एक छोटा भाई है। असलम की परतापुर में हेयर ड्रेसिंग की दुकान है।