शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद बोले- योगी सरकार ने लाखों लोगों को सुरक्षित पहुंचाया घर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने जान देकर सिर्फ बुलंदशहर को ही नहीं, बल्कि पूरे देश को जलने से बचाया है। तब्लीगी इज्तिमा के समापन के दौरान योगी सरकार ने लाखों लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया। अयोध्या में धर्मसभा में योगी सरकार ने जबरदस्त सख्ती दिखाई। दोनों मामलों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए योगी सरकार द्वारा अहम जिम्मेदारी निभाना बड़ी उपलब्धि रही। राम मंदिर को लेकर कहा कि विवादित जगह पर मंदिर बने या मस्जिद, देश में अमन कायम रहना चाहिए।
रविवार को जैदी फार्म में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे कल्बे जव्वाद ने प्रेसवार्ता के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। शिया धर्मगुरु ने कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर आपसी सहमति के लिए विचार करना चाहिए। सहमति नहीं बने तो सुप्रीमकोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए। राम मंदिर निर्माण को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित धर्मसभा पर कल्बे जव्वाद ने कहा कि अयोध्या में भी धर्मसभा आयोजित की गई थी। लेकिन योगी सरकार और मोदी सरकार धर्मसभा के दबाव में नहीं आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीमकोर्ट के निर्णय पर मंदिर निर्माण की बात कही है। राम मंदिर निर्माण को लेकर जो माहौल पैदा किया जा रहा है, उससे राम मंदिर निर्माण शुरू नहीं होगा।
तो ऐतराज नहीं होना चाहिए
मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि अगर अयोध्या में राम मंदिर साबित होता है, तो वहां मस्जिद नहीं बनाई जा सकती। अगर वहां मंदिर साबित है तो हाईकोर्ट ने विवादित जगह के तीन हिस्से क्यों किए। तथ्यों के आधार पर ही सुप्रीमकोर्ट फैसला करेगी। सुप्रीमकोर्ट राम मंदिर निर्माण का फैसला देती है, तो इसमें मुस्लिमों को ऐतराज नहीं होना चाहिए। अगर राम मंदिर निर्माण करना है तो केंद्र सरकार अध्यादेश लेकर आए। उन्होंने मेरठ की धरती से लोगों को संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बने या मस्जिद, देश में हिंदू मुस्लिम एकता कायम रहनी चाहिए।
जनता अब मंदिर व मस्जिद में नहीं उलझेगी
राम मंदिर निर्माण को लेकर धर्मसभा पर कल्बे जव्वाद ने कहा कि जनता अब मंदिर व मस्जिद के मुद्दों पर उलझने वाली नहीं है। देश में लाखों मंदिर व लाखों मस्जिदें हैं। हर गली में दस से ज्यादा मंदिर व मस्जिद हैं। लोगों को रोजगार और बच्चों को पेट भर खाना चाहिए। मोदी सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ की बात करती है, तो लोगों को रोजगार देने का काम करे।
कहीं न कहीं जुड़े हैं तार
शिया धर्मगुरु कल्बे जव्वाद ने बुलंदशहर में इंस्पेक्टर की हत्या में इकलाख के हत्यारोपियों का हाथ होने का आरोप लगाया। यह भी दावा किया कि कहीं न कहीं इंस्पेक्टर की हत्या के तार इकलाख वाले मामले से जुड़े हैं। माहौल खराब करने की पूरी साजिश हो रही हैं।
वसीम रिजवी शिया धर्म से बाहर
मौलाना कल्बे जव्वाद ने शिया वक्फ बोर्ड अध्यक्ष वसीम रिजवी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। कहा कि वसीम रिजवी ने धार्मिक गुरुओं पर भी कीचड़ उछालना शुरू कर दिया था। जिसको लेकर शिया मौलानाओं ने रिजवी को धर्म से बाहर कर दिया। जो अपने धर्म के खिलाफ ही आवाज उठाए, उसे धर्म से बाहर करना ही सही है। उन्होंने रिजवी पर शिया वक्फ की जमीनों में घोटाले करने का आरोप लगाया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/