UP पुलिस का नया कारनामा, वर्दी में डांस करते पुलिसकर्मी कैमरे में कैद, वीडियो वायरल
शामली में कैराना कोतवाली के इंस्पेक्टर भगवत सिंह का स्थानांतरण होने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें विदाई दी। इंस्पेक्टर को घोड़े पर बैठाकर कस्बे में घुमाया और पुलिसकर्मियों ने वर्दी में ही डांस किया, जिसकी वीडियो वायरल हो गई। इस मामले में एसपी ने वर्दी में डांस को अनुचित मानते हुए जांच बैठा दी है।
एसपी अजय कुमार ने गुरुवार को कैराना कोतवाली के इंस्पेक्टर भगवत सिंह को स्थानांतरित कर पीआरओ नियुक्त किया था। कैराना में उनका कार्यकाल लगभग 13 माह रहा। शुक्रवार को कोतवाली में इंस्पेक्टर का सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीओ राजेश तिवारी ने कहा कि इंस्पेक्टर भगवत सिंह का कार्यकाल सराहनीय रहा है। इस अवसर पर पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन, वार्ड सभासद, व्यापार मंडी के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों ने एसपी को सम्मानित किया।
इसके बाद इंस्पेक्टर भगवत सिंह को घोड़े पर बैठाकर शामली रोड होते हुए मुख्य चौक बाजार होते हुए किला गेट चौकी पहुंचे और वहां आयोजित विदाई समारोह में शामिल होकर आगे रवाना हो गए। बाद में इंस्पेक्टर को घोड़े पर बैठाने और पुलिसकर्मियों के वर्दी में डांस करने की वीडियो भी वायरल हुई।
उधर, एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस नियमावली में वर्दी में डांस करना आचरण के विरुद्ध है। इस मामले की जांच कराई जाएगी। कार्यक्रम में अंसार सिद्दीकी, कांधला थानाध्यक्ष सुनील दत्त, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, सभासद शगुन मित्तल एडवोकेट, समाजसेवी हाजी साजिद अली, नंगलाराई के पूर्व प्रधान फरजंद अली, गौरव चौहान, अय्यूब मंसूरी, राजेश प्रधान, बिल्लू प्रधान, प्रवीण प्रधान, फरमान प्रधान आदि मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/