स्वच्छता के क्षेत्र में यूपी के सहारनपुर का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए शनिवार को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में प्रयोगात्मक प्रदर्शन किया गया। गिनीज बुक के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। करीब ढाई घंटे चले कार्यक्रम के दौरान दो लाख पोस्टकार्ड के माध्यम से स्वच्छता अपनाने का संकल्प लेने के साथ ही 21 हजार पोस्टकार्ड की कतारें तैयार कर एक रिकार्ड बनाया।
स्वच्छता अभियान पर यूपी में पहली बार अनोखा प्रदर्शन, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने को सजाए 2 लाख पत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम आलोक कुमार पांडेय, देवबंद विधायक ब्रिजेश सिंह, एडीएम-वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह और डीपीआरओ सतीश कुमार सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। दृष्टिहीन बालिकाओं ने स्वागत गीत सुनाकर मेहमानों का दिल जीत लिया। गुरुनानक, जेबीएस, राजकीय कन्या इंटर कालेज सहित अन्य स्कूलों की छात्राओं ने लघु नाटिकाओं के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान 21 हजार पोस्टकार्ड की कतारें बनाई गईं।
पोस्टकार्ड पर कोड नंबर दर्ज था, जिनको कोड के हिसाब से लगाया गया था। गिनीज बुक के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में पहुंचे थे, जिन्होंने कतारों की पैमाइश की। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि जनपद में दो लाख 11 हजार लाभार्थी परिवार ऐसे थे, जिनके पास शौचालय नहीं था। उन्हें अभिप्रेरित करने तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेशयुक्त दो लाख पोस्ट कार्ड छपवाए गए। ग्राम पंचायतों में इन पोस्टकार्डों के माध्यम से स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। दो लाख पोस्टकार्ड पर दस से 12 लाख लोगों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता अपनाने तथा शौचालय का इस्तेमाल करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सहारनपुर को ओडीएफ घोषित किया। विशिष्ट अतिथि रहे देवबंद विधायक बृजेश सिंह ने समाज के बहुआयामी विकास के लिए स्वच्छता को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने प्रशासन के काम की सराहना की।
कार्यक्रम को सांसद राघव लखनपाल शर्मा, महापौर संजीव वालिया ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक देवेंद्र निम, डीआईजी शरद सचान, एसएसपी दिनेश कुमार पी, एडीएम-वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, एसडीएम सदर परमानंद झा, डीपीआरओ सतीश कुमार, डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे, बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह, कार्यक्रम प्रभारी महिला समाख्या बबीता आदि मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन संदीप शर्मा ने किया।