सहारनपुर: जहरीली शराब से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 82, भीम आर्मी ने दिया ये अल्टीमेटम
यूपी के सहारनपुर में जहरीली शराब पीने से अब मरने वालों की संख्या 82 हो गई है। जिला अस्पताल में सोमवार को उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। वहीं शराब कांड को लेकर भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बता दें कि मरने वालों में गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव कोलकी कलां निवासी जॉनी पुत्र रघुवीर और नगला अहीर निवासी कमल पुत्र पलटू शामिल है।
पढ़िए पूरा अपडेट
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 82 लोगों की मौत हो गई है। वहीं यूपी सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। इन मौतों के बाद नींद से जागा प्रशासन ताबड़तोड़ छापेमारी कर रहा है।
सहारनपुर के थाना नागल, गागलहेड़ी और देवबंद के 16 गांवों के लोग जहरीली शराब की चपेट में आए हैं। सहारनपुर में शनिवार शाम तक मरने वाले 51 लोगों के शवों का पोस्टमार्टम हुआ था। मेरठ में भर्ती 28 में 19 लोगों की मौत हुई है। हालांकि डीएम, एसएसपी ने बताया कि इनमें 36 की मौत शराब के कारण हुई, जबकि अन्य की मौत का कारण विसरा जांच की रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। सहारनपुर जिले में जहरीली शराब से मौत का सिलसिला शुक्रवार सुबह से शुरू हुआ था। थाना नागल, गागलहेड़ी, देवबंद के पांच गांवों से जहरीली शराब पीने से बीमार लोगों को अस्पताल लाना शुरू किया गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/