Kanwar Yatra : NH-58 पर रूट डायवर्जन लागू, बस अड्डे आज से होंगे शिफ्ट, यहां जानिए नया रास्ता
कावंड़ियों की एंट्री शुरू होते ही एनएच-58 पर रविवार आधी रात होते ही भारी वाहनों को रोक दिया गया है। अब सभी वाहन जारी रूट डायवर्जन के मुताबिक ही गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
विस्तार
कांवड़ यात्रा को देखते हुए एनएच-58 पर रविवार रात 12 बजे भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया। अभी हल्के वाहन पहले की तरह चलते रहेंगे। हाईवे के सभी कट बंद कर दिए गए हैं। सभी जरूरी स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए। वहीं दिल्ली रोड स्थित भैसाली डिपो को सोमवार से सोहराब गेट डिपो पर शिफ्ट किया जाएगा।
कावंड़ियों की एंट्री शुरू होते ही एनएच-58 पर रविवार आधी रात होते ही भारी वाहनों को रोक दिया गया है। अब सभी वाहन जारी रूट डायवर्जन के मुताबिक ही गंतव्य की ओर रवाना होंगे। इसकी निगरानी एसपी ट्रैफिक कर रहे हैं। इसके साथ ही गंग नहर पटरी पर दूर जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। इसको देखते हुए रविवार से गंगनहर पटरी पर सभी तरह के वाहनों को प्रतिबंधित कर दिए हैं। दिल्ली रोड पर कांवड़ियों की संख्या को देखते ही व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। अधिक कांवड़िये आने पर एक लेन पर ही वाहन चलेंगे। बाद में आटो, ई-रिक्शा और कार को भी रोका जाएगा। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि व्यवस्था के अनुसार छोटे वाहनों का रूट डायवर्जन भी किया जाएगा।
ये रहेगी यातायात व्यवस्था
-दिल्ली से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर-बिजनौर से हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे डासना इंटरचेंज होते हुए हापुड़-पिलखुवा से मेरठ पहुंचेंगे। यहां से किठौर होते हुए परीक्षितगढ़ से छोटा मवाना और फिर बहसूमा एवं रामराज से मीरापुर, जानसठ होकर मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जा सकेंगे। देहरादून और हरिद्वार जाने वाले वाहन मीरापुर से गंगा बैराज, नजीबाबाद से हरिद्वार, देहरादून की ओर जाएंगे।
- मुरादाबाद से मेरठ आने वाले वाहन गढ़मुक्तेश्वर से किठौर होते हुए मेरठ पहुंचेंगे। यहां से मवाना, बहसूमा होते हुए मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जा सकेंगे। देहरादून जाने वालों को बिजनौर बैराज होकर जा सकेंगे।
- शामली, करनाल-हरियाणा व बागपत से मुरादाबाद बरेली जाने वाले वाहनों को ईपीए होते हुए दादरी कट से बुलंदशहर निकाला जाएगा।
एसएसपी ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। शिवभक्त/कावडियों से व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। इस दौरान कांवड़ शिविर लगाने वाले शिविर संचालकों से भी वार्ता की।
बसों की नहीं होगी कमी, समय पर मिलेंगी
सोहराब गेट डिपो के नवागंतुक एआरएम अवध किशोर त्रिवेदी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए बसों की संख्या की कमी नहीं होने दी जाएगी। उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। रविवार को सोहराबगेट डिपो पर उनका स्वागत किया गया और तत्कालीन एआरएम आर के यादव को कर्मचारियों ने विदाई दी।
सोहराबगेट से होगा बसों का संचालन
मेरठ से दिल्ली, गाजियाबाद, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली बसों का संचालन सोहराबगेट डिपो से होगा। इसके अलावा सोहराब गेट डिपो से जो बसें वर्तमान में चल रही हैं उनका संचालन पहले की भांति होता रहेगा। मेरठ से बागपत बड़ौत की ओर जाने वाली बसों का संचालन बागपत और बड़ौत बाईपास से होगा। अंबाला, शामली की ओर जाने वाली बसों का संचालन कंकरखेड़ा फ्लाईओवर के पास से होगा। एआरएम सोहराब गेट डिपो अवध किशोर त्रिवेदी ने बताया कि आज बस अड्डा यहां शिफ्ट हो जाएगा।