Meerut: सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस से उलझी डकैती की गुत्थी, दिनभर लगा रहा नेताओं का तांता
Meerut News : सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस से डकैती की गुत्थी उलझी हुई है। उधर, पीड़ित के घर पर दिनभर नेताओं का तांता लगा रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के गंगानगर में अमन विहार कॉलोनी निवासी व्यापारी एवं सपा कार्यकर्ता श्रवण कुमार के घर में डकैती के मामले में पुलिस तीसरे दिन भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाश मुजफ्फरनगर तक जाते देखे गए हैं। सर्विलांस के जरिये संदिग्धों की लोकेशन लोकल में मिल रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाश मकान के पीछे वाले दरवाजे के रास्ते से कैसे आए, इसकी तीसरे दिन भी तफ्तीश जारी रही। अंदेशा है कि अंदर से दरवाजा खोला गया। इसके बाद बदमाश मकान में घुसे।
गंगानगर स्थित अमन विहार में मंगलवार सुबह सपा कार्यकर्ता एवं व्यापारी श्रवण के यहां पर बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। तीन दिन के बाद भी पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। बृहस्पतिवार को पुलिस की तीन टीम सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में लगा दी। एक टीम गंगानगर और दो टीम सीसीटीवी कैमरे देखती हुई मुजफ्फरनगर तक पहुंच गई। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि बदमाश मकान में कैसे घुसे।
श्रवण के मुताबिक, घर के पीछे की साइड में छोटा दरवाजा है, जिसका अंदर से ताला टूटा मिला है। अंदेशा है कि बदमाश पीछे वाले गेट से अंदर घुसे थे। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर डकैती में गया सारा सामान बरामद करेंगे।
यह भी पढ़ें: UP: हैरान कर देगी ये रिपोर्ट, महज 17 दिन में काटे हजारों चालान, पुलिस ने वसूला एक करोड़ का जुर्माना
दिनभर लगा रहा नेताओं का तांता
गुरुवार को भी श्रवण के घर पर व्यापारियों का तांता लगा रहा। संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री दलजीत सिंह, सुधीर रस्तोगी, मंत्री सत्येंद्र अग्रवाल, अंकित, मन्नु, प्रदीप गुप्ता, मयंक जैन, पवन आदि श्रवण के घर पहुंचे। एसओ गंगानगर से व्यापारी नेताओं ने फोन पर बात की। खुलासा न होने पर अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही।
घर पर पुलिस तैनात
पीड़ित श्रवण के यहां दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। व्यापारी श्रवण कुमार ने बताया उनकी पुलिस से बात हुई हैं। उन्हें बताया गया है कि टीमें लगातार लगी हुई हैं। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Shamli: अचानक गड्ढे में पलटी मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, रोड पर मची चीख-पुकार, एक ने मौके पर तोड़ा दम
यह था मामला
श्रवण कुमार के यहां मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद नकाबपोश बदमाश सभी को बंधक बनाकर करीब 30 लाख की नकदी व ज्वेलरी ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की कार की गतिविधि शाम से ही देखी गई। पुलिस का मानना है कि रेकी के बाद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।