देहरादून के लिए ट्रेन सेवा सात फरवरी-2020 तक रहेगी बंद, रोड़वेज ने बढ़ाया बसों का बेड़ा
देहरादून की ओर जाने वाली ट्रेनें अगले तीन महीने के लिए बंद कर दी गई है। इससे रोडवेज बसों पर यात्रियों का दबाव बढ़ना लाजिमी है। मेरठ डिपो के स्टेशन प्रभारी देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि ट्रेन बंद होने से हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जाने वाली बसों की संख्या में इजाफा किया गया है।
फिलहाल 20 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी इनकी संख्या बढ़ाई जा सकेगी। इसके साथ ही हरिद्वार और ऋषिकेश आदि जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी विशेष बस सेवा की व्यवस्था की है।
मांग अनुसार बसों की स्पेशल बसों की बुकिंग कराई जा सकेगी। फिलहाल गुजरात से आ रहे 150 श्रद्धालुओं ने 19 नवंबर के लिए बसों की मांग की है। इनके लिए पांच बसों की व्यवस्था सिटी रेलवे स्टेशन से कर दी गई है। आरएम नीरज सक्सेना का कहना है कि हरिद्वार-देहरादून रूट की ट्रेन रद्द होने से रेल यात्री रोडवेज की तरफ डायवर्ट हो रहे हैं। इसके लिए बसों को बढ़ा दिया गया है। यात्रियों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।