राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने बृहस्पतिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान नेता स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह की जयंती के अवसर पर मेरठ में शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान देहात से मेरठ तक एक भव्य रोड शो निकाला गया जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शहर में पहुंचने पर रालोद पदाधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह, डॉ. भीमराव आंबेडकर और धन सिंह कोतवाल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा जिला कार्यालय कैंट में आयोजित की गई जहां रालोद नेता सुनील रोहटा ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल जयंती समारोह नहीं बल्कि नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक और जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज के प्रथम बार नगर आगमन पर स्वागत और शक्ति प्रदर्शन का अवसर भी था। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज के पैतृक गांव इकड़ी में हवन-पूजन के साथ हुई। कार्यकर्ताओं ने चौधरी अजित सिंह की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और उनके किसान-हितैषी मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। काफिले पर बुलडोजर से पुष्प वर्षा की गई और जगेठी में प्रधान नीटू के नेतृत्व में भी स्वागत हुआ। कार्यालय पर तरसपाल मलिक और अनिकेत भारद्वाज का शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, विनोद हरित, नरेंद्र खजूरी, अनिकेत भारद्वाज, विनय प्रधान, मनीषा अहलावत, विनय मल्हापुर, सोहराब ग्यास, मनोज जटोली, शैलेष पंवार, मतलूब गौड़, संगीता दोहरे, रणवीर दहिया, विनय प्रधान, रिचा सिंह, सचिन चौधरी, राहुल पूनिया, हरेंद्र प्रधान, कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर, नरेश चौधरी, कुलदीप हुड्डा, अजीत प्रताप, विश्वास प्रमुख, दीपा, अंकित, भूदेव शर्मा, गौरव आदि मौजूद रहे।