मवाना। नगर पालिका ने बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को हीट वेव से बचाव के लिए नगर पालिका ने चार स्थानों पर राहत शेड बनाए। शासन ने आपदा प्रबंधन के तहत नगर पालिका को दो लाख रुपये का बजट जारी किया है।
इसके तहत नगर पालिका द्वारा नगर में पुलिस चौकी, थाना तिराहा, किला बस स्टैंड और सुभाष चौक पर चार राहत शेड तैयार किए गए हैं। इन केंद्रों पर लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए कूलर, पीने का पानी, कुर्सी और मेज आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राहत शेड बनाने का उद्देश्य राहगीरों, व्यापारियों और आम लोगों को धूप व लू के प्रभाव से बचाना है। इन राहत केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक कूलर के साथ ठंडे पानी की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी। अध्यक्ष अखिल कौशिक ने थाने के पास स्थित राहत शेड का शुभारंभ किया।