UP Weather : तेज आंधी के साथ हुई हल्की बारिश, लोगों को मिली गर्मी से राहत; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
UP Weather Update : पश्चिमी यूपी में अचानक मौसम बदल गया। देखते ही देखते तेज आंधी चलने लगी और फिर हल्की बारिश भी हुई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। जानिए आगे मौसम कैसा रहेगा।
विस्तार
दिनभर तेज सूरज की तपिश और उमस भरी गर्मी के बीच रात में एकाएक आए मौसम में बदलाव के चलते हुई हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिली है। बारिश के साथ तेज धूल भरी आंधी ने भी शहर वासियों को परेशान कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी मौसम ऐसा ही रहेगा और तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा।
वेस्ट यूपी में भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। बुधवार को सुबह से ही मौसम गर्म बना हुआ था। इस दौरान तेज धूप खिली हुई थी और सूरज की तपिश के बीच शहर वासियों को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। दिन में लू के थपेड़ों के चलते गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी।
वहीं, शाम के समय भी गर्मी का मौसम ऐसे ही बना हुआ था। रात में करीब 10:30 बजे अचानक से तेज आंधी आई और एकाएक मौसम बदल गया। धूल भरी आंधी के चलते आधे घंटे तक शहरवासी परेशान रहे। करीब 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। आंधी के साथ-साथ हल्की बारिश भी हुई।
शहर से लेकर देहात तक कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने से मौसम बदला हुआ दिखा और गर्मी से भी थोड़ी राहत मिली है। आंधी रात में इतनी तेज थी कि हाईवे से लेकर शहर तक कई जगह पर होर्डिंग और बैनर भी हवा में उड़ गए। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री रिकार्ड किया गया।
यह भी पढ़ें: एलानिया मर्डर: बेटियों के सामने पिता की हत्या, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम, स्वीमिंग पूल का खौफनाक सीन CCTV में कैद
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही का कहना है कि गर्मी और उमस के चलते रात में अचानक से लोकल स्तर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आंधी और हल्की बारिश आ गई। अभी मौसम ऐसे ही रहेगा और गर्मी का असर बना रहेगा। दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा।
यह भी पढ़ें: Video: 'राम' की जीत पर BJP नेता ने खोया होश, SP को धमकाया, बोले- औकात में रहो, अब भी सरकार हमारी है