मवाना सड़क के इंचौली गांव स्थित कब्रिस्तान में संरक्षित पशु बंधा देख बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पास में खड़े पिकअप चालक व उसके साथी को कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद चालक को छोड़ दिया।
घटना रविवार रात की है। इंचौली निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता दक्ष प्रजापति के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली कि ग्राम प्रधान नसीम जिया के फार्म हाउस के पास स्थित कब्रिस्तान में पेड़ से एक संरक्षित पशु बंधा हुआ है। इसके बाद दक्ष प्रजापति अपने साथी रजत, राजा आदि के साथ मौके पर पहुंचे। संरक्षित पशु के गले में रस्सी कसकर बांधी गई थी जिससे वह तोड़ न सके। वहीं, पास में रास्ते पर एक पिकअप चालक व उसका साथी खड़ा मिला। कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। संरक्षित पशु को मुक्त कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने पिकअप चालक वसीम व सुहेल से पूछताछ की, उसने बताया कि वह डेयरी में पिकअप चलाता है। पुलिस ने पूछताछ के बाद चालक को छोड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संरक्षित पशु को गौशाला में छुड़वाना चाहिए था। परंतु पुलिस ने उसे जंगल में छोड़ दिया। इस मामले में प्रशिक्षु आईपीएस थाना प्रभारी बजरंग प्रसाद ने बताया कि संरक्षित पशु वहां बंधा मिला था। जिसके बाद उसे ग्रामीणों की मदद से खोल दिया गया। गाड़ी चालक से पूछताछ की गई। वहां कुछ संदिग्ध सामने नहीं आया। इसके बाद दोनों को जाने दिया गया। इस मामले में लिखित शिकायत नहीं की गई है।