पुलिस को चकमा देकर भागा बंदी, किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म में भेजा था जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल में जेल से डीएनए टेस्ट कराने के लिए लाया गया विचाराधीन बंदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। शहर के तुलसीनगर निवासी बंदी को छह अगस्त को ही नई मंडी थाना पुलिस ने किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शाम तक बंदी की तलाश में जिले की सीमाएं सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पांच अगस्त को मोहल्ला तुलसीनगर निवासी विशाल के खिलाफ नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छह अगस्त को नई मंडी कोतवाली पुलिस ने आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ दिन पूर्व हाईकोर्ट ने बंदी विशाल का डीएनए टेस्ट कराने के आदेश दिए थे। शनिवार दोपहर नई मंडी थाने के एसआई सुखबीर सिंह और दो सिपाही अमरजीत व जोगेंद्र जेल से विचाराधीन बंदी को डीएनए टेस्ट कराने के लिए सुरक्षा में स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जिला चिकित्सालय में ले जाने के बाद दरोगा व सिपाही सीएमओ ऑफिस के निकट कागजी कार्रवाई करने लगे। इसी दौरान बंदी विशाल भीड़भाड़ का फायदा उठाकर हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया।
बंदी के भागते ही पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने बंदी का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सूचना पाकर सीओ सिटी हरीश भदौरिया और शहर कोतवाल इंस्पेक्टर अनिल कपरवान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह व एसपी सिटी ओमवीर सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे और बंदी को जेल से लाने वाले दरोगा व सिपाहियों से घटना की जानकारी ली। शाम तक बंदी विशाल का सुराग नहीं मिल पाया था। नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि बंदी की तलाश की जा रही है, वहीं एक टीम उसके घर भी भेज दी गई है। हालांकि देर शाम तक बंदी का सुराग नहीं लग पाया था।
जिले की सीमाएं सील कर चलाया चेकिंग अभियान
जिला अस्पताल से विचाराधीन बंदी भागने की घटना के बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के आदेश पर जिले की सीमाएं सील कर बंदी की तलाश के लिए वाहनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन व निजी रूट के वाहन स्टैंड पर भी बंदी की तलाश की गई, लेकिन उसका सुराग नहीं मिल पाया।
एक टीम ने तुलसीनगर में बंदी के घर दी दबिश
जिला चिकित्सालय से विचाराधीन बंदी के भागने के बाद जहां एक ओर जिले की सीमाएं सील कर उसकी तलाश की जा रही थी, वहीं दूसरी ओर एक पुलिस टीम ने तुलसीनगर स्थित उसके घर पर दबिश दी। इस दौरान उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/