मुजफ्फरनगर: विक्रम सैनी की सदस्यता जाने के बाद जिले में सियासी हलचल तेज, खतौली में जुटे रालोद नेता
भाजपा के विधायक विक्रम सैनी की विधानसभा की सदस्यता चले जाने के बाद मुजफ्फरनगर जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को रालोद नेताओं ने इस मामले को लेकर बड़ी बैठक का आयोजन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर में भाजपा के खतौली विधायक विक्रम सैनी की सदस्यता जाने के बाद से सियासी माहौल बदल रहा है। भाजपा और रालोद नेताओं में जुबानी जंग के बाद अब बैठकों का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को खतौली में रालोद की बैठक आयोजित की गई। निकाय चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने की कोशिश है। सोमवार को खतौली के बैंक्वट हॉल में रालोद नेताओं का जमावड़ा लगा।
वक्ताओं ने कहा कि विधायक विक्रम सैनी ने गलत तरीके से रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह पर टिप्पणी की है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने कहा कि खतौली विधानसभा क्षेत्र रालोद की विरासत रहा है। यहां लंबे समय तक रालोद की जीत होती रही है।
यह भी पढ़ें:Muzaffarnagar: लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, गंगा स्नान के लिए जा रहे युवक की मौत
कहा कि भाजपा विधायक विक्रम सैनी का व्यवहार सही नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने कहा कि 15 नवंबर को जनसभा के अलावा रोड शो करेंगे और पूरी ताकत दिखाएंगे।
दरअसल, विधानसभा चुनाव में रालोद-सपा गठबंधन ने चार और भाजपा ने दो सीटें जीती थी। खतौली सीट पर जिले की सबसे बड़ी जीत भाजपा ने दर्ज की थी। लेकिन दंगे के मामले में अदालत से सजा होने पर विधायक विक्रम सैनी की सदस्यता चली गई। पहले रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह का पत्र और इसके बाद विधायक विक्रम सैनी के बयान के बाद सियासी माहौल गरम हुआ।
दोनों ओर से सोशल मीडिया पर भी बयानबाजी का दौर चल रहा है। ऐसे में रालोद ने खतौली में संगठन की बैठक बुलाई। यहां पर 15 नवंबर को रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह की जनसभा और रोड शो की तैयारी है।
प्रदेश संगठन महासचिव यशवीर सिंह, रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, पुरकाजी विधायक अनिल कुमार, मीरापुर विधायक चंदन चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर समेत अन्य पदाधिकारी इस बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं।
गलत बयानबाजी न करें भाजपा नेता : तोमर
रालोद के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर ने कहा कि भाजपा नेताओं को कानून को मानना चाहिए। कोर्ट ने विधायक को सजा सुनाई है, जिसके बाद उनकी सदस्यता चली गई। भाजपा नेता इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। जिस वजह से बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं को ऐसा नहीं करना चाहिए।
बता दे कि मुजफ्फरनगर में खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी के साथ सजा पाने वाले सात लोगों ने हाईकोर्ट में अपील दायर कर दी है। इसकी एकल खंडपीठ में सुनवाई के लिए आज का दिन तय किया है।
विक्रम सैनी की अपील पर अभी सुनवाई की तिथि तय नहीं हुई है। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने ट्वीट के जरिए विधायक विक्रम सैनी के कार्यों और संघर्ष की प्रशंसा की है।