पूर्व सांसद के बेटे की बढ़ेगी मुश्किल: दुष्कर्म मामले में दानिश के खिलाफ लगी चार्जशीट, छात्रा से की थी दरिंदगी
Meerut News : छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पूर्व सांसद के बेटे दानिश अखलाक की मुश्किलें बढ़ेंगी। पुलिस ने इस मामल में चार्जशीट लगा दी है।
विस्तार
दिल्ली निवासी बीए फाइनल की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी दानिश अखलाक के खिलाफ परतापुर पुलिस ने मजबूत साक्ष्यों के साथ चार्जशीट लगा दी है। पुलिस ने 18 दिन में चार्जशीट सीओ ऑफिस को भेज दी है। सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह ने बताया कि कोर्ट में हड़ताल खत्म होते ही चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।
छात्रा ने पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के बेटे दानिश पर 22 अगस्त को दिल्ली रोड स्थित होटल क्रोम में शराब पीकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया था। छात्रा के मुताबिक, दानिश ने खुद को अविवाहित बताते हुए इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की थी। इसके बाद वो उससे मिलने के लिए दिल्ली के हौजखास स्थित एक रेस्टोरेंट में मिला। फिर उसने होटल क्रोम में बुलाकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए।
एसएसपी के निर्देश पर इस मामले में 26 अगस्त को परतापुर थाने में दानिश के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। 27 अगस्त को पुलिस ने दानिश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने छात्रा के 164 के बयान दर्ज कराए थे, जिसमें उसने अपने साथ हुई दरिंदगी बयां की थी। पुलिस ने इस मामले में सारे साक्ष्य जुटाकर मजबूत चार्जशीट दाखिल की है।
इन साक्ष्यों को किया गया शामिल
छात्रा ने दिल्ली में साकेत से ओला कैब बुक की थी। पुलिस ने उसके चालक के बयान भी दर्ज किए हैं। काशी टोल प्लाजा से लिए गए कैब के फोटो और होटल क्रोम के बाहर लगे कैमरे में कैद कैब की फोटो को भी चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है। होटल क्रोम में बिना आईडी के कमरा देने और रजिस्टर में एंट्री नहीं करने और सीसीटीवी की फुटेज गायब करने के मामले में होटल प्रबंधन की लापरवाही को भी शामिल किया गया है। दानिश और छात्रा के मोबाइल की सीडीआर और होटल की लोकेशन को भी सबूत के तौर पर शामिल किया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ के सरधना में बड़ी वारदात: छात्र की सरेआम गोली मारकर हत्या, सगे भाइयों ने दिया वारदात को अंजाम
छात्रा से दुष्कर्म के मुकदमे में परतापुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार्जशीट लगा दी है। कोर्ट में हड़ताल खुलने पर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। - शुचिता सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी
यह भी पढ़ें: आयकर विभाग की छापेमारी: आजम खां के करीबी के घर दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी, टीम की बिरयानी खाते तस्वीर वायरल