प्रधानमंत्री मोदी का दौरा: 2 जनवरी को मेरठ आएंगे पीएम, चार हेलीपैड, जर्मन हैंगर बनाने के लिए चली जेसीबी
पीएम मोदी की रैली के आयोजन स्थल पर करीब 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था के हिसाब से प्लान तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता रविंद्र सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर तक मंच और सभा स्थल तैयार करना है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो जनवरी को मेरठ सरधना के सलावा में होने वाली सभा और खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। लोक निर्माण विभाग मेरठ और मुजफ्फरनगर के प्रांतीय खंड के अधिकारियों की टीम शुक्रवार को पूरे दिन स्थल पर जुटी रही। जेसीबी से मैदान को समतल कराया गया।
मैदान को समतल करके मंच बनाने के लिए सरधना ब्लॉक के 150 सफाईकर्मी लगाए गए हैं। यहां चार हेलीपैड, जर्मन हैंगर (वाटरप्रूफ पांडाल) और तीन स्विस कॉटेज बनाई जानी हैं। इसमें एक प्रधानमंत्री, एक मुख्यमंत्री और एक सरकारी अधिकारियों के लिए होगी। आयोजन स्थल पर करीब 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था के हिसाब से प्लान तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता रविंद्र सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर तक मंच और सभा स्थल तैयार करना है।
आयोजन स्थल तैयार करने के लिए 9 जेसीबी मंगाई गई हैं। दो जेसीबी एनसीआरटीसी, दो डीडीएफसीएल, दो नगर निगम, एक एनएचएआई, एक जिला पंचायत और एक निजी कंपनी से मंगाई गई हैं।
यह भी पढ़ें: ओमिक्रॉन का खौफ : विदेश से 82 लोग और आए मेरठ, 616 की जांच होनी बाकी, रिकॉर्ड में दो बार लिखे गए 192 लोगों के नंबर
हेलीपैड मुजफ्फरनगर में
पीएम मोदी की सलावा में खेल विवि के शिलान्यास के लिए होने जा रही सभा के मद्देनजर हेलीपैड़ बनाने के लिए मुजफ्फरनगर जिले में पड़ने वाले खेड़ी राजपूतान गांव में जगह देखी गई है। शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने खेड़ी राजपूतान का दौरा किया। इस दौरान एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी मेरठ जोन प्रवीण कुमार, डीएम मुजफ्फरनगर चंद्र भूषण सिंह आदि शामिल रहे।
एडीजी जोन, आईजी रेंज ने खेल विवि स्थल का किया निरीक्षण
आगामी दो जनवरी को सरधना के सलावा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम से पूर्व शुक्रवार को एडीजी जोन मेरठ राजीव सभरवाल और आईजी रेंज मेरठ प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम सरधना सूरज पटेल से कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए भी स्थान
सभा स्थल पर प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए स्थान छोड़ा गया है। इसमें रसोई, प्रधानमंत्री का शैफ, प्रधानमंत्री कार्यालय स्टॉफ के लिए अलग-अलग स्थान होगा। मंच के बाद आगे की चार लाइन वीआईपी के लिए आरक्षित रहेंगी। इसी स्थान पर प्रिंट और इलेक्ट्रॉिनिक मीडिया प्रतिनिधि बैठेंगे। इसके लिए एक लाइन में 350 लोग बैठ सकेंगे। वहीं, 1600 लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग चार ब्लॉक बनेंगे। इनमें 1200, 1000 और 900 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
दो दिन में तैयार होगा डिजाइन
खेल विश्वविद्यालय का डिजाइन भी अगले दो दिन में तैयार हो जाएगा। इसके लिए डीडीएफ कंसल्टेंट डिजाइन बना रहा है। एक बार लखनऊ में प्रेजेंटेशन में हो चुका है। डिजाइन के लिए फाइनल प्रेजेंटेशन अगले दो दिन में हो जाएगा। खेल विश्वविद्यालय को 91 एकड़ क्षेत्रफल में लगभग 700 करोड़ रुपये में तैयार किया जाना है। इसमें निशानेबाजी के लिए रेंज, एथलेटिक्स ट्रैक, शोध संबंधित तकनीकी मशीनें उपलब्ध रहेंगी।