हस्तिनापुर। गंगा का जलस्तर लगातार घटने-बढ़ने से खादर क्षेत्र के लोग पूरी तरह चिंतित हैं। सोमवार को फिर गंगा का जलस्तर 97 हजार क्यूसेक पर पहुंच गया। गंगा का पानी गांव के संपर्क मार्गों तक पहुंचने से ग्रामीण भयभीत हो गए।
खादर क्षेत्र के लोगों की मुसीबतें अभी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बाढ़ के कारण उन्हें फसल बर्बादी से लेकर जनजीवन प्रभावित होने तक का दर्द झेलना पड़ा। वहीं बस्तोरा नारंग गांव में करीब 200 लोगों ने गांव से पलायन कर दिया था। अब जल स्तर कम होने पर ग्रामीणों ने गांव में लौटना शुरू किया है। परंतु गंगा के लगातार बढ़ रहे जलस्तर से जलीय जीव पानी में बहकर आ रहे हैं और लोगों को परेशान कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में आबादी क्षेत्र में अजगर पहुंचने की कई सूचनाएं वन विभाग को मिली। वन विभाग की टीम ने उन्हें रेस्क्यू किया और वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया। वहीं गंगा इस समय खादर क्षेत्र के शेरपुर नई बस्ती, बस्तोरा नारंग गांव के पास भीषण कटान कर रही है। कटान से लोगों की चिंता बढ़ रही है। बाढ़ में फसल के साथ-साथ पशुओं का चारा भी पूरी तरह नष्ट हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को पशुओं के चारे के लिए उठानी पड़ रही है। वहीं, चांदपुर-हस्तिनापुर मार्ग अभी भी पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है। इस टूटे संपर्क मार्ग को अभी पीडब्ल्यूडी द्वारा दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। इससे यहां पर लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं।

हस्तिनापुर में विद्या श्री मंदिर के समीप मुख्य मार्ग पर पड़ा अजगर स्रोत विडियो ग्राफ

हस्तिनापुर में विद्या श्री मंदिर के समीप मुख्य मार्ग पर पड़ा अजगर स्रोत विडियो ग्राफ