MBBS का पेपर आउट, रद की गई सभी परीक्षाएं, जांच कमेटी गठित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में एमबीबीएस का पेपर आउट होने के बाद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने पांच मेडिकल कॉलेजों में चल रहीं सारी परीक्षाएं रद कर दी हैं। शासन को पूरे मामले से अवगत कराने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने प्रो वाइस चांसलर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की है। विश्वविद्यालय अब नए पेपर छपवाकर परीक्षा कराएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले हुए पेपरों को भी रद किया जा सकता है।
एमबीबीएस के पांच कॉलेजों में पांच फरवरी से सेकेंड और थर्ड ईयर की परीक्षाएं चल रही हैं। इनमें मेरठ का लाला लाजपतराय मेडिकल कॉलेज, सहारनपुर का गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज, पिलखुवा का रामा मेडिकल कॉलेज, हापुड़ का सरस्वती मेडिकल कॉलेज और मुजफ्फरनगर का मेडिकल कॉलेज शामिल है। सेकेंड और थर्ड ईयर की परीक्षाएं चल रही हैं।
लाला लाजपतराय कॉलेज में सेल्फ सेंटर है। सहारनपुर के गर्वमेंट कॉलेज का भी सेल्फ सेंटर है। पिलखुवा के रामा मेडिकल कॉलेज का सेंटर एडेड कॉलेज आरएसएस पिलखुवा, सरस्वती मेडिकल कॉलेज हापुड़ का सेंटर एमएम डिग्री कॉलेज मोदीनगर और मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज का सेंटर जैन कन्या पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर में बनाया गया है।
सेकेंड ईयर के फर्स्ट ओर सेकेंड पार्ट के तीन पेपर कोड 201, 202 और 203 हो चुके हैं और थर्ड ईयर के कोड 101 और कोड 102 के दो पेपर हो चुके हैं। रविवार शाम विश्वविद्यालय के अधिकारियों के पास व्हाट्स एप पर कुछ सवाल भेजकर थर्ड ईयर के सेकेंड पार्ट सर्जरी का पेपर आउट होने की बात कही गई थी। इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को होने वाली थर्ड ईयर के पार्ट टू का पेपर रद कर दिया था।
पढ़ें : टीईटी की परीक्षा में धरे पांच मुन्नाभाई, एसटीएफ ने रंगे हाथ दबोचा
जल्द नई व्यवस्था से कराएंगे पेपर
कुलपति, सीसीएसयू प्रो. एनके तनेजा ने बताया कि एक पेपर आउट हुआ है, इसको देखते हुए हमने सारी परीक्षा रद कर दी हैं। छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। बहुत जल्द ही नई व्यवस्था से पेपर कराए जाएंगे। रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। इसके पीछे जो लोग हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराएंगे।
कॉलेजों से मंगवा लिए सारे पेपर
कुलपति ने इस मामले में प्रो वाइस चांसलर प्रो. एचएस सिंह और परीक्षा नियंत्रक नारायण प्रसाद की कमेटी बनाकर कॉलेजों से सारे पेपर मंगवा लिए। कमेटी ने जांच की तो व्हाट्स एप पर दिए गए सवाल पेपर से मेल खा गए। जिसके बाद कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने शाम को आपात बैठक बुलाते हुए आंतरिक कमेटी का गठन कर दिया। इसमें प्रो वाइस चांसलर प्रो. एचएस सिंह, प्रो. वाई विमला और प्रो. बीरपाल को जांच देते हुए एमबीबीएस की सारी परीक्षाएं रद कर दीं। परीक्षा नियंत्रक नारायण प्रसाद ने बताया कि मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। कुलपति की तरफ से शासन को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। प्रो वाइस चांसलर प्रो. एचएस सिंह ने बताया कि अब दोबारा से नए पेपर छपवाने के बाद फिर से परीक्षाएं कराई जाएंगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/