पंचायत चुनाव यूपी : मतदाता आज करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला, कहीं सूना पड़ा बूथ तो कहीं लंबी कतार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बागपत में पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद पर 244, प्रधान पद पर 1778, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 2020, ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 1268 प्रत्याशी मैदान में है जिनकी किस्मत का फैसला 7.93 लाख मतदाता करेंगे। जिले 503 मतदान केंद्रों के 1403 बूथों पर सुबह 7:00 बजे से पहले ही मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। महिलाओं में मतदान के लिए अधिक उत्साह देखा गया।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाता मास्क लगाकर पहुंचे, लेकिन दो गज की दूरी का पालन करते कोई भी मतदान के लिए लगी लाइनों में दिखाई नहीं दिया।
कहीं सूना पड़ा पोलिंग बूथ तो कहीं लंबी कतार
बागपत के सुभानपुर गांव में पोलिंग पार्टी मतदाताओं का इंतजार करती रहीं। दूसरी ओर, निवाड़ा गांव में मतदाताओं की लंबी कतार वोट डालने के लिए लग गई। बागपत के हसनपुर मसूरी में डीएम राजकमल यादव और एसपी अभिषेक सिंह बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे।
बिजनौर में त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू। मतदाता केंद्रों पर वोटर धीरे धीरे आने शुरू हुए। दिन चढ़ने के साथ मतदाता बढ़ने लगे हैं। हल्दौर क्षेत्र के गांव पैजनियां में त्रिस्तरीय चुनाव में मतदाताओं की कतार लगी हुई है।
मुजफ्फरनगर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को जनपद में सुबह 7:00 बजे मतदान शुरू हुआ। शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। जनपद के नौ ब्लॉकों में 498 ग्राम प्रधान, 6726 ग्राम पंचायत सदस्य, 1085 क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा 43 जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए 1060 मतदान केंद्र और 2976 बूथ बनाए गए हैं।
8352 जनप्रतिनिधियों के चुनाव के लिए जनपद के 17 लाख 6 हजार 80 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। सुबह 7:00 बजे मतदान केंद्रों मतदान शुरू हुआ। शाम 6:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सुबह कई केंद्रों पर मतदान के लिए वोटरों की कतारें लगी मिली। मतदान केंद्रों पर आने वाले वोटरों को सैनिटाइज कराया गया। मतदाता मास्क पहनकर वोट डालने पहुंचे, मगर इस दौरान दो गज की दूरी का पालन देखने को नहीं मिला।
खतौली ब्लॉक के गांव अतरपुरा में कोतवाल एच एन सिंह पुलिस टीम के साथ मतदान केंद्र का जायजा लेने पहुंचे। विकास खण्ड मोहम्मदपुर देवमल के मिर्जापुर महेश में सुबह से पोलिंग बूथ पर भीड़ लगी रही। जानसठ के गांव भलेडी में वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई है।
कोरोना संक्रमित भी कर सकेंगे मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोरोना संक्रमण से पीड़ित व्यक्ति भी अपने मत का प्रयोग कर सकेगा। पीठासीन अधिकारी मतदान समाप्त होने से पूर्व पीपीई किट पहनकर संक्रमितों का मतदान कराएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारियों को किट उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा चुनाव के दौरान अन्य मतदाताओं को भी संक्रमण से बचाव के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।
हायक निर्वाचन अधिकारी रीता ने बताया कि कोरोना संक्रमितों को सबसे अंत में मतदान करेंगे। उन्हें घर या अस्पताल से लाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा हर बूथ पर थर्मल स्कैनिंग के लिए आशा कार्यकर्ता तैनात रहेंगी।
मतदाताओं को कराया जाएगा कोरोना गाइडलाइन का पालन : डीएम
बागपत डीएम राजकमल यादव ने पंचायत चुनाव में सभी मतदाताओं से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। मतदाताओं को पोलिंग पार्टियों के सदस्य कोरोना गाइडलाइन का पालन कराएंगे। मास्क अनिवार्य रहेगा और लोगों को सामाजिक दूरी का पालन कराया जाएगा। मतदान स्थलों को मतदाता की थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजर की व्यवस्था कराई जाएगी।
निरक्षर रंग पहचान कर डाल सकेंगे वोट
बड़ौत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सभी पदों के मतपत्र के रंग पृथक हैं। इसकी एक वजह ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम मतदाताओं का निरक्षर होना है, ऐसे में उन्हें वोट डालने में कठिनाई हो सकती है। इसे ध्यान में रखकर निर्वाचन आयोग ने मतपत्र का रंग अलग रखा है, ताकि निरक्षर व अल्प साक्षर मतदाता इसे रंग के आधार पर पहचानकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट कर सके। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतपत्र का रंग सफेद, ग्राम प्रधान के मतपत्र का रंग हरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य के मतपत्र का रंग नीला, जिला पंचायत सदस्य का रंग गुलाबी है।