पंचायत चुनाव: मेरठ में चिह्नित अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू, अपराध कहीं भी, कार्रवाई थानेदार पर ही होगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने चिह्नित अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हिस्ट्रीशीटर की रोजाना मॉनिटरिंग भी होने लगी है। इस बारे में मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि हिस्ट्रीशीटर के आपराधिक मामलों में कोताही बरतने वाले थानेदारों को निलंबित कर दिया जाए।
मेरठ में 2132 रजिस्टर्ड हिस्ट्रीशीटर है। इनमें कई हिस्ट्रीशीटर लगातार अपराध कर रहे हैं। लखनऊ तक की इसकी शिकायत में कहा गया है कि जनपद स्तर पर हिस्ट्रीशीटर की मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। इसके बाद प्रदेश भर के हिस्ट्रीशीटर की सूची मंगाई गई और फिर बारीकी से मॉनिटरिंग की गई।
अपर प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी के निर्देश पर मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल ने सभी जिलों में सर्कुलर जारी कर दिया। सभी कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी हिस्ट्रीशीटर ने अपराध किया तो थानेदार जिम्मेदार होंगे।
अपराध कहीं हो, कार्रवाई थानेदार पर ही होगी
सर्कुलर में बताया गया है कि हिस्ट्रीशीटर कहीं पर भी अपराध करेगा, कार्रवाई थानेदार पर होगी। हिस्ट्रीशीटर कौन से थाने का है और उसने कौन से थाना क्षेत्र में अपराध किया। यह सब भी देखा गया है। हिस्ट्रीशीटर ने दूसरे थाना क्षेत्र में अपराध किया तो दोनों थानेदार नपेंगे। जिस थाने का हिस्ट्रीशीटर है और जहां पर उसने अपराध किया है।
हिस्ट्रीशीटर की थानों में मॉनिटरिंग शुरू
पंचायत चुनाव के मद्देनजर थाने स्तर पर मीटिंग का दौर भी गांव-गांव में शुरू हो गया है। हिस्ट्रीशीटर की थानों में मॉनिटरिंग कराई जा रही है। थानेदारों ने सभी हिस्ट्रीशीटर को सख्त हिदायत दी कि पंचायत चुनाव से दूर रहें। हिस्ट्रीशीटर की थाने स्तर से जांच हो रही है कि कि वह फिलहाल कहां पर रह रहे हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है। चुनाव शांतिपूर्ण कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस बार थानेदार विशेष रजिस्टर लेकर गांव दर गांव निकलेंगे। प्रत्येक गांव के संवेदनशील बिंदु रजिस्टर में लिखने होंगे। समय-समय पर अधिकारी भी इस रजिस्टर के विषय में अपडेट लेंगे। हर गांव पर निगरानी के लिए यह रजिस्टर महत्वपूर्ण होगा। रोजाना एक गांव के भ्रमण का लक्ष्य रखा गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए थानेदारों को रजिस्टर बनाने का 'स्पेशल टास्क' दिया गया है। उद्देश्य यह है कि गांव की हर छोटी से छोटी गतिविधि पर नजर रखी जा सकें। थानेदार अपने-अपने क्षेत्र के हर गांव का भ्रमण करेंगे। सोशल पुलिसिंग को बढ़ावा देते लोगों के बीच रहेंगे। महिलाओं को विशेष तौर पर जागरूक किया जाएगा।
थानेदारों को रजिस्टर में दर्ज करना होगा कि वह किस-किस गांव में जा रहे हैं। किन किन मुद्दों पर चर्चा की गंई। बातचीत के दौरान क्या क्या संवेदनशील मुद्दे सामने आए। सर्किल अफसर के अलावा एसपी देहात खुद हर सप्ताह इस रजिस्टर की निगरानी करेंगे। थानेदार के सामने गांव का कोई छोटा विवाद या मनमुटाव जैसा प्रकरण सामने आता है तो वह निस्तारित कराएंगे।
थानेदारों को टास्क दिया
थानेदारों को टास्क दिया गया है, जिसमें हर रोज वह एक गांव का भ्रमण करेंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों को पुलिस से जोड़ने का लक्ष्य दिया है। भ्रमण से जुड़ा हर विवरण क्रॉस चेक किया जा रहा है। - केशव कुमार, एसपी देहात
सपा और रालोद संयुक्त रूप से लड़ेगी चुनाव
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार को हाइवे स्थित ग्रीन कॉलोनी में सुनील रोहटा के कार्यालय पर सपा और रालोद नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत की। संयुक्त रूप से पंचायत चुनाव लड़ने की बात कही गई। सपा के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, रालोद नेता सुनील रोहटा और राजकुमार सांगवान ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी पंचायत चुनाव संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेगी।
पंचायत आरक्षण की आपत्तियों का निस्तारण आज से
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अनंतिम आरक्षण सूची जारी की जा चुकी है। आरक्षण के बाद विभिन्न पदों के लिए आपत्तियां दाखिल की गई है। आपत्तियाें का निस्तारण बुधवार से होगा। आरक्षण सूची जारी होने के बाद आपत्तियां मांगी गई थी। सोमवार तक आपत्तियों का अंतिम दिन था, जिसमें कुल 257 आपत्तियां जिले में प्राप्त हुई। आपत्तियों के निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।