#airstrike: रिटायर्ड कर्नल सतीश चंद बोले- अब ऐसे हमलों को अंजाम दे सकता है पाकिस्तान
साउथ श्रीनगर स्थित 15 कॉर्प्स बैटल स्कूल के फाउंडर कमांडर रहे रिटायर्ड कर्नल सतीश चंद त्यागी बताते हैं कि हालात काफी गंभीर हैं। पाकिस्तान एक गैर जिम्मेदाराना देश है। वहां न पैसा है और न फौज युद्ध के लिए तैयार है।
बाॅर्डर पर सीधे हमला करने की पाकिस्तानी सेना की क्षमता नहीं है। स्लीपिंग मॉड्यूल्स के जरिए वह आतंकी घटनाओं को अंजाम दे सकता है। ऐसे में खुफिया एजेंसियों और पुलिस को सतर्क रहना होगा।
1971 के युद्ध में पाकिस्तान को समझ आ गया था कि भारतीय सेना से वो सीधे मुकाबला नहीं कर सकता है। पाकिस्तान आतंकियों के कंधे पर बंदूक रखकर भारत में हमले करता आया है। जिस तरह से पुलवामा में जवानों पर हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने एयर स्ट्राइक जवाब दिया, उससे पाकिस्तान घबरा गया है।
अपनी इज्जत बचाने के लिए ही उसने बुधवार सुबह एफ-16 प्लेन को भेजा, लेकिन उसे भी भारतीय वायु सेना के पायलटों ने मार गिराया। हमारी वायु सेना, थल सेना और नौ सेना तीनों मुस्तैद हैं। ऐसे में पाकिस्तान की सामने से हमला करने की औकात नहीं है। वह भारत में छिपे बैठे स्लीपिंग मॉड्यूल्स के जरिए हमला करा सकता है। ऐसे में देश की आंतरिक सुरक्षा पर ऐसे माहौल में ध्यान दिया जाना बेहद जरूरी है।
रिटायर्ड कर्नल त्यागी के अनुसार पाकिस्तानी पार्लियामेंट में शेम-शेम के नारे लग रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान बौखलाहट में गलत कदम उठा सकता है। आस्ट्रेलिया, अमेरिका के साथ ही चीन भी कह चुका है कि कंट्रोल करो।
पाकिस्तानी सेना कहती आई थी कि भारतीय सेना कभी उन पर हमला नहीं कर सकती। लेकिन पहली बार उनको माकूल जवाब मिला है। वहीं यदि पाकिस्तान बम गिराने की गलती करता है तो क्या पाकिस्तान नक्शे में रह जाएगा।
गुजरात, पंजाब बॉर्डर पर भी पाकिस्तान कोशिश कर सकता है लेकिन भारतीय सेना इतनी मुस्तैद है कि वो कुछ नहीं कर पाएगा। लेकिन जिस तरह से पाकिस्तान सरकार पर पब्लिक का दबाव है, उसके चलते वो स्लीपिंग मॉड्ल्यूस से भारत में भीड़भाड़ की जगहों पर वारदात करा सकता है। ऐसे में आंतरिक सुरक्षा पर एजेंसियों को नजर रखनी होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/