पहलगाम आतंकी हमला: हाथों में मशाल, आंखों में गम और गुस्सा,आतंक के खिलाफ फूंके पुतले, जताया आक्रोश
पहलगाम में आतंकी हमले को लेकर देश भर में गम और गुस्सा है। जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं तो वहीं अलग अलग स्थानों पर आतंकवाद का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
विस्तार
पहलगाम में आतंकी हमले से लोगों में गम और गुस्सा है। हाथों में मशाल लिए और आंखों में आंसुओं के साथ बुधवार को लोग शहर की सड़कों पर उतरे। शायद ही महानगर का मुख्य चौराहा या फिर सार्वजनिक स्थल बचा होगा, जहां आतंकवाद का पुतला न फूंका हो और आक्रोश जाहिर न किया गया हो। लोगों की यही मांग थी-हमले में मारे गए लोगों को इंसाफ मिलना चाहिए। आतंकियों को करारा जवाब दिया जाए। इस आतंकी हमले के विरोध में लोगों ने दिनभर प्रदर्शन किए।
भाजपा सांसद अरुण गोविल, महापाैर हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्ताेगी, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, सहित महिला कार्यकर्ताओं ने औघड़नाथ मंदिर से मशाल लेकर जुलुस निकाला।
कमिश्नरी चौराहे पर अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही के साथ कार्यकर्ताओं और छात्रों ने भी आतंकवाद का पुतला फूंका। आईएमए से जुड़े चिकित्सकों ने पहलगाम में हुई घटना की निंदा की। बाएं बाजू पर काली पट्टी बांधी। काले कपड़े पहनकर विरोध प्रकट किया। आईएमए परिसर में प्रार्थना सभा हुई। आईएमए अध्यक्ष डाॅ. अनुपम सिरोही, सचिव डॉ. सुमित उपाध्याय सहित अन्य रहे।
यह भी पढ़ें: Meerut: महिला मित्र के साथ 'ओयो' वाले होटल पहुंचे चौकी प्रभारी, युवकों ने घेरकर पीट दिया, जानें क्या थी रंजिश
पुलिस ने किया विरोध, युवकों ने फूंक दिया आतंकवाद का पुतला
कमिश्नरी चौराहे के सामनेे जागृति विहार के रहने वाले युवकों ने पुलिस के रोकने के बावजूद आतंकवाद का पुतला फूंक दिया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। युवकों ने पुलिस से कहा कि वह पुतला नहीं फूकेंगे, इसके बाद कैंडल जलाने की बात पुलिस से कही।
कैंडल जलाने के दौरान उन्होंने आतंकवाद का पुतला फूंक दिया। इस दौरान राहुल कुमार, दीपक सैन, पंकज आदि मौजूद रहें। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आतंकवाद का पुतला फुंकने पर युवकों को नहीं रोका गया। मार्ग जाम न हो इसलिए युवकों को रोका गया होगा।
जन जन में आक्रोश, निकाला कैंडल मार्च
नेशनल इंटिग्रेटेज मेडिकल एसोसिएशन नीमा ने नीमा भवन मोहनपुरी से कमिश्नरी चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला। मृतक परिवारों को हौसला देने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर डॉ. नगेंद्र, डॉ. सुब्रतो सैन, डॉ. यशपाल, डॉ. अखिलेश, डॉ. रहमान, डॉ. फरमान रहे। उधर, जेलचुंगी चौराहा पर व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाला।
वकीलों ने जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
मेरठ बार एसोसिऐशन ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकियों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करते हुए 28 लोगों की निर्मम हत्या पर शोक प्रकट किया है। मेरठ बार एसोसिएशन द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता उपाध्यक्ष कुंवर नरेश चौहान ने की। बैठक में मृतक पर्यटकों के प्रति गहन शोक प्रकट किया गया।
महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बैठक के उपरांत प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। मांग की गई कि मृतकों के परिजनों को सरकार द्वारा पूर्ण सामाजिक सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। घायलों को सामुचित उपचार व मुआवजा दिलाया जाए।
पाकिस्तान का पुतला फूंका
पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा सैलानियों की निर्मम हत्या के विरोध में भाजपा के पूर्व जिला महमंत्री नरेश त्यागी एडवोकेट व पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में कैथवाड़ी गांव में जुलूस निकाला गया। इसके बाद पाकिस्तान का पुतला फूंककर भारत सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की।
घायलों के जल्द स्वस्थ होने की मांगीं दुआएं
कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना की जहां सैफी समाज के लोगों ने निंदा की वहीं मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की दुआ की गई। सैफी समाज के लोग शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में फईमुद्दीन ठेकेदार के आवास पर एकत्रित हुए।
बसपा के पूर्व प्रभारी शाहजहां सैफी एडवोकेट ने भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घिनौनी हरकत करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। कश्मीर जाने वाले सभी पर्यटकों की सुरक्षा के इंतजाम किए जाने चाहिए। पूर्व मंत्री शकील भारती मंजूर सैफी ने कहा कि इस्लाम में किसी इंसान की जान लेने का किसी को अधिकार नहीं है। जो इस तरह की हरकत कर रहे हैं वह इस्लाम के मानने वाले नहीं हो सकते।