मेरठ: अखिलेश यादव से मिले नरवैर सिंह खालसा, सिख समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की रखी मांग;
हस्तिनापुर के नरवैर सिंह खालसा ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर सिख समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और विधानसभा चुनाव में योग्य लोगों को टिकट देने की मांग रखी।
विस्तार
हस्तिनापुर क्षेत्र के रठौरा कला निवासी और समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सरदार नरवैर सिंह खालसा ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी संगठन और सिख समाज से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। खालसा ने निर्णायक मत वाली विधानसभा सीटों पर सिख समाज के योग्य और सक्रिय लोगों को पार्टी का टिकट देने की मांग रखी।
सिख समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया
नरवैर सिंह खालसा ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रदेश के सिख समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सिख समाज को सम्मानजनक राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने उन विधानसभा क्षेत्रों में, जहां सिख समाज के मतदाता चुनाव परिणाम में निर्णायक भूमिका निभाते हैं, समाज के योग्य और सक्रिय लोगों को विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिए जाने की मांग रखी।
हस्तिनापुर सीट को लेकर भी हुई चर्चा
खालसा के अनुसार, मुलाकात में हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में सपा के टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी बातचीत हुई। उन्होंने अखिलेश यादव के सामने क्षेत्र में कई संभावित दावेदारों की ओर से टिकट पक्का होने के दावों का मुद्दा रखा।
अखिलेश ने सक्रिय नेताओं को मौका देने की बात कही
खालसा के अनुसार, अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ऐसे नेताओं को प्राथमिकता देगी, जो लगातार जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में शामिल होते हैं और संगठन को मजबूत करने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन के दौरान केवल सिफारिश को आधार नहीं बनाया जाएगा। संबंधित नेता की जनता के बीच सक्रियता, संगठन में भूमिका और क्षेत्र में उसकी भागीदारी को भी देखा जाएगा।
सिरोपा भेंट कर किया सम्मानित
मुलाकात के दौरान जलालपुर जोरा निवासी बाबा सुखदेव सिंह गंगा बांध वालों ने अखिलेश यादव को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ज्ञानी जसकरण सिंह, अजय अधाना, मेरठ जिला उपाध्यक्ष संदीप जाटव और सभासद अवनीश चौधरी मौजूद रहे।