Muzaffarnagar: व्यक्तिगत पेशी के लिए कुख्यात अनिल दुजाना और जुगला का प्रार्थना पत्र खारिज
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में राजीव त्यागी की हत्या के मामले में आरोपी कुख्यात अनिल दुजाना और जोगेंद्र जुगाला को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर कराने के प्रार्थना पत्र को अदालत ने खारिज कर दिया है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के छपार में खाद व्यापारी राजीव त्यागी की हत्या के मामले में आरोपी कुख्यात अनिल दुजाना और जोगेंद्र जुगाला को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर कराने के प्रार्थना पत्र को अदालत ने खारिज कर दिया है। दुजाना अयोध्या और जुगला गौतमबुद्ध नगर की जेल में बंद है। अभियोजन पक्ष ने निकाय चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था।
खाद व्यापारी राजीव गर्ग अपने भाई संजीव त्यागी की हत्या के मामले में गवाह थे। साल 2013 में राजीव त्यागी की हत्या कर दी गई थी। वारदात में अनिल दुजाना और जोगेंद्र जुगाला समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
यह भी पढ़ें: UP: तीनों को मार दिया, जाकर अंतिम संस्कार कर लो... पिता-चाचा-बुआ की हत्या कर सुबह दूसरी बुआ से बोला आरोपी
सहायक शासकीय अधिवक्ता फौजदारी परविंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता के माध्यम से अनिल दुजाना और जोगेंद्र जुगाला ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल करते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाजिर किया जाए।
अभियोजन पक्ष ने पुलिस अधीक्षक नगर की आख्या के माध्यम से अदालत में बताया कि आरोपियों की पेशी के लिए एक सीओ, दो निरीक्षक, चार उपनिरीक्षक, आठ मुख्य आरक्षी, बीस आरक्षी और छह महिला आरक्षी की आवश्यकता है। निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
अदालत ने दोनों पक्षों की सुनवाई की। अभियुक्तों की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ही कराए जाने के आदेश दिए हैं। अगली सुनवाई 18 अप्रैल को होगी।