मुजफ्फरनगर: सांप के डसने के बाद झाड़-फूंक में गंवाई जिंदगी, कक्षा पांच के छात्र की मौत
मुजफ्फरनगर के सिकंदरपुर गांव में दिवाली पर सांप के डसने से कक्षा पांच के छात्र दीपांशु की मौत हो गई। परिजन पहले झाड़-फूंक कराते रहे। सीएमओ ने तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में दिवाली पर सांप के डसने से कक्षा पांच के छात्र दीपांशु की मौत हो गई। सांप के डसने के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। इसके बाद बच्चे को घर ले आए। सोमवार को तबीयत दोबारा बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोपा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पशुओं के पीछे गया था बच्चा, पैर में डसा सांप
दीपांशु मवाना के तिगरी गांव का मूल निवासी था। वह अपनी बुआ बिजेंद्री के घर सिकंदरपुर गांव में रह रहा था। रविवार को दिवाली के दिन दोपहर में वह घर के आसपास चर रहे पशुओं के पीछे चला गया। इसी दौरान सांप ने उसके पैर में डस लिया। बच्चे के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
झाड़-फूंक के बाद घर ले आए परिजन
सर्पदंश के बाद परिजन दीपांशु को भोपा में झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। उसे दवाई भी दिलाई गई। इसके बाद परिजन उसे वापस घर ले आए। सोमवार दोपहर करीब एक बजे उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। हालत इतनी खराब हुई कि उसे दिखाई देना भी बंद हो गया। इसके बाद परिजन उसे सीएचसी भोपा लेकर पहुंचे।
रेफर होने के बाद रास्ते में तोड़ा दम
सीएचसी में डॉक्टरों ने दीपांशु को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल से दूसरे केंद्र ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को उसके पैतृक गांव मवाना ले गए।
डॉक्टरों से कराएं उपचार, झाड़-फूंक से बचें: सीएमओ
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सर्पदंश के मामलों में प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन उपलब्ध है। सांप के डसने पर पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए। झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।