कुख्यात सुनील राठी के अपहरण की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप, जानें क्या है सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तिहाड़ जेल से सुरक्षा के बीच पैरोल पर टीकरी ले जाए जा रहे पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपी सुनील राठी के सुरक्षा घेरे में उसके परिचित घुस गए। इस दौरान राठी का कार सहित अपहरण का शोर मच गया। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्यौढ़ी गांव के पास पुलिस ने राठी की गाड़ी के साथ चल रही पांच निजी गाड़ियों को पकड़ लिया। साथ ही 20 युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले गई। पूछताछ में पकड़े गए लोग राठी के परिचित ही निकले। राठी के बागपत से जाने के बाद पुलिस ने इनको छोड़ दिया।
बागपत जिला कारागार में नौ जुलाई 2018 को पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या में टीकरी के सुनील राठी को नामजद किया। वर्तमान समय में राठी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। शनिवार को न्यायालय से सुनील राठी को परिजनों से मिलने के लिए सात घंटे का पैरोल मिला। तिहाड़ जेल से दिल्ली पुलिस के सुरक्षा घेरे में राठी को पुलिस दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से होते हुए टीकरी लेकर जा रही थी। सुबह 10 बजे के लगभग ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां मिली टोल से राठी की गाड़ी के पीछे पांच गाड़ियां चल पड़ी। पुलिस को संदेश हुआ। इस बीच राठी के अपहरण का शोर मच गया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर चेकिंग शुरू करा दी।
वहीं बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के ट्यौढ़ी गांव के पास एएसपी रण विजय सिंह ने फोर्स के साथ गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। पुलिस ने राठी की गाड़ी के पीछे चल रही पांचों गाड़ियों को कब्जे में लेकर 20 युवकों को हिरासत में लिया और पुलिस लाइन ले गई। पकड़े गए युवकों से पूछताछ के बाद पता चला कि यह सभी राठी से मिलने के लिए टीकरी जा रहे हैं। राठी की सुरक्षा को लेकर वे उसके पीछे चल रहे हैं।
एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि राठी के अपहरण की कोई साजिश नहीं थी। सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग की गई। पांच गाड़ियों को पकड़ कर 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी का सत्यापन कराया गया। राठी के तिहाड़े जेल चले जाने के बाद पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया।
इन युवकों को पकड़कर पुलिस ने की पूछताछ
एएसपी ने बताया कि सुनील राठी की गाड़ी के पीछे निजी गाड़ियां लेकर चलने वाले अंकित धामा, लविश, कनिष्क चौहान, उपेंद्र धामा, गगन धामा, गौरव धामा, सुनील नागर, राहुल त्यागी, संदीप, मुकेश त्यागी, राम, सौरभ राठी, जयंत, विजय, सचिन शर्मा, आशीष, रोहित, गणेश, सनोज, रोबिन, अन्नू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
तिहाड़ से सात घंटे की पैरोल पर घर पहुंचा राठी
पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपी सुनील राठी ने मां राजबाला की बीमारी के लिए अदालत में पैरोल की अर्जी दाखिल की। शनिवार को न्यायालय से सुनील राठी को सात घंटे का पैरोल मंजूर हुआ। दिल्ली की तिहाड़ जेल से शनिवार को सुनील राठी पुलिस सुरक्षा के घेरे में दोपहर 12 बजे टीकरी कस्बे में अपने घर पहुंचा। राठी के घर पर परिजनों ने हवन कराया। राठी ने सबसे पहले मां राजबाला चौधरी से मुलाकात की। इसके बाद उससे मिलने पहुंचे लोगों से मंत्रणा की। भीड़ बढ़ी तो राठी परिवार से मिलने चौबारे में पहुंच गया। परिवार के अलावा यहां भी उससे मिलने वालों का तांता लगा रहा। शाम पांच बजकर पांच मिनट पर राठी को दिल्ली पुलिस वापस लेकर चली गई।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/