सौरभ हत्याकांड: 'हमें न्याय चाहिए..', मां ने की पीएम मोदी और सीएम योगी से अपील; कहा- मामले की गहनता से हो जांच
मृतक सौरभ राजपूत की मां ने पीएम मोदी और सीएम योगी से अपील की है कि मामले की गंभीरता से जांच हो। उन्होंने कहा कि मामले में न्याय होना चाहिए। हम हत्या के पीछे का कारण जानना चाहते हैं।
विस्तार
यूपी के मेरठ जिले में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। मृतक सौरभ राजपूत की मां ने पीएम मोदी और सीएम योगी से अपील की है कि मामले की गंभीरता से जांच हो। मृतक सौरभ राजपूत की मां ने कहा, 'मैं पीएम मोदी और सीएम योगी से अपील करना चाहूंगी कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए और न्याय होना चाहिए। हम हत्या के पीछे का कारण जानना चाहते हैं।'
#WATCH | Meerut, UP | Saurabh Rajput Murder case | Mother of deceased Saurabh Rajput says, "...I would like to appeal to PM Modi and CM Yogi that a thorough investigation should be held in the case and justice should prevail...We want to know the reason behind the murder..." pic.twitter.com/w2jbKEJtRP
— ANI (@ANI) March 22, 2025विज्ञापन
बता दें कि मेरठ शहर में मार्च 2025 में एक मामला सुर्खियों में आया, जब मर्चेंट नेवी में काम करने वाले सौरभ राजपूत (29) की हत्या का खुलासा हुआ। इस हत्याकांड की साजिश और उसका अंजाम इतना क्रूर था कि इसने न केवल स्थानीय लोगों को, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस कहानी के मुख्य आरोपी सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसका प्रेमी साहिल शुक्ला था, जिन्होंने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
सौरभ और मुस्कान की मुलाकात और शादी
ब्रह्मपुरी स्थित इंदिरानगर निवासी सौरभ मर्चेंट नेवी में नौकरी करता था। उसके घर के पास मुस्कान के नाना अनिल रस्तोगी रहते थे, जो ज्योतिषी थे। अक्सर ब्रह्मपुरी के गौरीपुरा मोहल्ले से मुस्कान नाना के घर आती थी। सौरभ का भी अनिल रस्तोगी के घर आना जाना था। 2016 में दोनों की मुलाकात हुई और प्रेम हो गया।
यह भी पढ़ेंः सौरभ हत्याकांड: जेल में ड्रग्स और शराब न मिलने पर साहिल-मुस्कान की हालत बिगड़ी, तीन दिन से सो नहीं पाए दोनों
2019 में मुस्कान के जीवन में फिर से साहिल की एंट्री हुई
सौरभ और मुस्कान शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिवार के लोग शादी करने के लिए राजी नहीं थे। हालांकि बाद में दोनों के परिजन मान गए। 2016 में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद सौरभ नौकरी छोड़ी और परतापुर में प्लाईवुड फैक्टरी में नौकरी करने लगा। 2019 में बेटी पीहू का जन्म हुआ। इसके कुछ दिन बाद सौरभ लंदन चला गया और वहां दोस्त के साथ बेकरी में नौकरी करने लगा। मुस्कान फोन पर सौरभ से बातचीत करती थी। वीडियो कॉल पर बेटी से बात कराया करती थी। इसके बाद मुस्कान की जिंदगी में फिर से साहिल की एंट्री हुई।
साहिल और मुस्कान को मकान मालिक ने रंगेहाथ पकड़ा था
साथ पढ़ने वाले साथियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। इसके माध्यम से मुस्कान की बातचीत साहिल से हुई। दोनों के बीच पर्सनल चैट होने लगी। शाॅप्रिक्स मॉल में इनकी मुलाकात हुई। इसके बाद बातचीत और मिलना-जुलना जारी रहा। दोनों कई बार ऋषिकेश और मसूरी भी घूमने गए। मकान मालिक ने साहिल और मुस्कान को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था और इसकी शिकायत फोन पर सौरभ से की थी। इस पर सौरभ ने मुस्कान को खरी खोटी सुनाई थी और कसम दिलाई थी कि वह अब साहिल से नहीं मिलेगी, लेकिन वह फिर भी साहिल से मिलती रही।
2024 में सौरभ को मारने की बनाई थी प्लानिंग
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने नवंबर 2024 में सौरभ को मारने की प्लानिंग बनाई थी। उसे रास्ते से हटाकर दोनों साथ रहना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने नवंबर में ही गांव-गांव जाकर यह पता किया था कि जानवर के मरने पर उसे कहां दबाया जाता है, ताकि हत्या करने के बाद वह सौरभ का शव वहां दबा सकें और किसी को इसका पता भी न चले।
300 रुपये में उस्तरा और पॉली बैग खरीदे थे
22 फरवरी 2025 को मुस्कान ने शारदा रोड स्थित एक डॉक्टर के यहां अपने को डिप्रेशन का मरीज बताते हुए नींद की गोलियां लिखवाईं, क्योंकि बिना डॉक्टर के पर्चे के नींद की दवाइयां नहीं मिलती हैं। इसके बाद उसने गूगल पर सर्च कर नींद और नशे की गोलियों के कुछ साल्ट और देखे। इन्हें उसने डॉक्टर के पर्चे पर खुद लिखा। वह प्रेमी के साथ खैरनगर पहुंच गई और नींद व नशे की गोलियां लीं। दोनों ने शारदा रोड से मीट काटने वाले 800 रुपये के दो चाकू, 300 रुपये में उस्तरा और पॉली बैग खरीदे। तीन मार्च को सौरभ अपनी मां रेणु के घर से लौकी के कोफ्ते की सब्जी लाया था। उसने कोफ्ते गर्म करने के लिए मुस्कान को दिए। मुस्कान ने सब्जी में नींद की व अन्य नशीली दवाइयां मिला दीं। इसके बाद सौरभ सो गया।
सौरभ के सोने के बाद मुस्कान ने प्रेमी को कॉल करके घर बुलाया था
सौरभ के सोने के बाद मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल को कॉल करके घर बुला लिया। साहिल घर पहुंचा और दोनों ने मिलकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर सौरभ की हत्या कर दी। शव को बाथरूम में ले जाकर उस्तरे से पहले उसकी गर्दन काटी। इसके बाद हाथ और कलाइयों से हाथ काटे। दोनों की योजना शव के टुकड़े-टुकड़े कर पॉली बैग में भरकर अलग-अलग स्थान पर फेंकने की थी। दोनों ने सौरभ के धड़ को पॉली बैग में भरकर वहीं डबल बेड के बॉक्स में रख दिया।