मंत्री प्रकरण: लखनऊ तक पहुंची मामले की गूंज, पुलिस ने ईशु खटीक को भेजा जेल, SSI से मारपीट करने का है मामला
मंत्री प्रकरण : इस मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई है। वहीं पुलिस ने ईशु खटीक को जेल भेज दिया है। बताया गया कि ईशु खटीक ने SSI के साथ मारपीट की थी। जानिए पूरा मामला।
विस्तार
राज्यमंत्री दिनेश खटीक का भतीजा बताकर पुलिस वालों के साथ गुंडागर्दी करने वाले आरोपी ईशु खटीक के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू करा दी। किरकिरी होने पर पुलिस ने तीसरे दिन अवैध खनन के मामले में मंगलवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी ने ईशु खटीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले एसएसआई सतीश कुमार को मवाना से हटाकर एसएसआई टीपीनगर बनाया। वहीं, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने देहात में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है।
मवाना के सठला गांव में रविवार को अवैध खनन करते पुलिस ने एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े थे। पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करने के लिए ईशु खटीक मवाना थाने पहुंचा था। आरोप है कि ईशु खटीक ने पहले इंस्पेक्टर मवाना अजय कुमार और फिर एसएसआई सतीश कुमार से अभद्रता की। इस मामले में खटीक के खिलाफ एसएसआई ने मारपीट, धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें ईशु खटीक जेल चला गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी खटीक खुद को राज्यमंत्री दिनेश खटीक का भतीजा बताकर रौब जमाता है। मामला मंत्री से जुड़ा होने की चर्चा मंगलवार को लखनऊ तक पहुंच गई। मवाना पुलिस ने मंगलवार को अवैध खनन के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि पुलिस ने जो वाहन अवैध खनन में पकड़े हैं, उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन स्वामी कौन है, इसका पता विवेचना में चलेगा और फिर मुकदमे में उनको नामजद किया जाएगा।
जांच में यह आया सामने
अवैध खनन में मुकदमा खान एवं खनिज (विकास का विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत लिखा गया है। अवैध खनन में ईशु खटीक की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। इंस्पेक्टर मवाना अजय कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि सठला गांव में ईदगाह तालाब के पास कुछ ट्रैक्टर-ट्रालियों से व्यवसायिक धनोपार्जन के उद्देश्य से मिट्टी से भराव हो रहा था। जो कि लाला अमीर पुत्र याकूब निवासी सठला के खेत से ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी भरकर तालाब का पटान कब्रिस्तान की भूमि बढाने हेतु किया जा रहा था। पुलिस टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। दूसरी ओर बाग में चल रही जेसीबी चालक भी मशीन को छोड़कर फरार हो गया। सभी वाहनों को सीज कर थाने में लाकर खडा कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: सड़क हादसों ने ली छह की जान, आगरा एक्सप्रेस-वे पर एकसाथ बुझे तीन घरों के चिराग, कार के उड़े परखच्चे
देहात में अवैध खनन का धंधा
पुलिस की सांठगांठ से देहात में मवाना, परीक्षितगढ़, भावनपुर, किठौर, गंगानगर, इंचौली, फलावदा सहित कई थाना क्षेत्रों में अवैध खनन का धंधा चल रहा है। बताया गया है कि पुलिस की सांठगांठ से देहात में अवैध खनन का धंधा फल फूल रहा है। इसको लेकर मंत्री दिनेश खटीक ने मवाना पुलिस पर भी आरोप लगाए है। पुलिस और प्रशासन फर्जी परमीशन देकर अवैध खनन करा रहे है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश भी है। बताया है कि अवैध खनन करने वाले ही विरोध करने वाले लोगों को धमकी देते है।
ईशु का मवाना में बड़ा नेटवर्क
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ईशु खटीक का मवाना में अवैध खनन का बड़ा नेटवर्क है। वह खनन करने वालों से वसूली भी करता है। ईशु खटीक का मंत्री से क्या कनेक्शन है, इसकी गोपनीय जांच खुफिया विभाग भी कर रहा है। ईशु खटीक का किसके इशारे पर मवाना में सिक्का चल रहा था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मंत्री के नाम को लेकर खामोश है।
उप जिलाधिकारी अखिलेश यादव का कहना है सूचना मिली थी खनन हो रहा है जिस पर पुलिस गई तो लोग वहां पर वाहन छोड़कर फरार हो गए उन वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया जो खटीक ने थाने में आकर पुलिस से अभद्रता की जिसमें पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज कर उसको जेल भेज दिया है जबकि खनन मामले में अलग से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है साथ ही इसमें यह जांच कराई जा रही है कि खनन में जो जो गाड़ियों के स्वामी थे उसके अलावा खनन में कौन-कौन शामिल थे उन सभी को जांच के बाद रिपोर्ट में नाम शामिल कराकर कार्रवाई की जाएग।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: भांजे से हुआ प्यार तो पति को उतार दिया मौत के घाट, कातिल पत्नी ने उगला ऐसा सच, अफसर भी हैरान
अवैध खनन की सिफारिश करने वालों के पक्ष में थाने आकर ईशु खटीक ने पुलिस वालों से अभद्रता की थी। जिसमें उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी। अवैध खनन का मुकदमा एसडीएम की रिपोर्ट के बाद लिखा गया है। एसएसआई सतीश कुमार को रूटीन में ट्रांसफर किया गया है। इस विवाद से ट्रांसफर का कोई लेनादेना नहीं है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी