Meerut: खरखौदा में पुलिस पर कार चढ़ाने का आरोप, दरोगा घायल; थाने में घुसकर सिपाही से मारपीट
मेरठ के खरखौदा कस्बे में यातायात व्यवस्था संभाल रहे सिपाही और दरोगा पर युवक ने कार चढ़ा दी, जिससे दरोगा घायल हो गया। आरोपी को हिरासत में लेने पर उसके भाई ने थाने में घुसकर सिपाही से मारपीट की। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
मेरठ के खरखौदा कस्बे में निर्माणाधीन पुलिया के कारण लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के लिए यातायात ड्यूटी में लगे सिपाही और दरोगा पर एक युवक ने कार चढ़ाने का आरोप लगाया गया है। घटना में दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दरोगा के हाथ-पैर में आई गंभीर चोट
थाने पर तैनात सिपाही गौरव कुमार के अनुसार, बुधवार शाम वह दरोगा शिवम मिश्रा के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान यूपी 15 सीएल 4554 नंबर की आई-20 कार तेज रफ्तार से आई। चालक ने सिपाही पर जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। सिपाही किसी तरह बच गया, लेकिन कार का टायर दरोगा शिवम मिश्रा के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather: घने कोहरे की चादर में लिपटा मेरठ, सुबह 10 बजे तक सड़कों पर छाई रही धुंध
गाली-गलौज, वर्दी फाड़ी और धमकी
आरोप है कि कार चालक शिवांग त्यागी ने दरोगा और सिपाही के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद पुलिसकर्मी आरोपी को थाने ले आए।
थाने में घुसकर सिपाही से मारपीट
आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी चालक का भाई माधव त्यागी अपने साथियों के साथ थाने पहुंचा और थाना परिसर में ही सिपाही के साथ मारपीट की। इस संबंध में सिपाही की तहरीर पर शिवांग त्यागी, माधव त्यागी और एक अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाने का घेराव, आरोपियों को छोड़ने की मांग
घटना के बाद कस्बे के सैकड़ों लोग चेयरमैन मनीष त्यागी के नेतृत्व में थाने पहुंचे और घेराव कर मामले को मामूली बताते हुए आरोपियों को छोड़ने की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।