अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2026: 51 शहरों में परीक्षा, 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
अमर उजाला फाउंडेशन की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 के पहले चरण में 51 शहरों के 59 केंद्रों पर 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरा चरण 25 अक्तूबर को होगा।
विस्तार
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 के पहले चरण की परीक्षा रविवार को 51 शहरों के 59 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। 9वीं से 12वीं कक्षा के 35 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
सुबह से ही विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। कहीं-कहीं तो करीब एक किलोमीटर तक की लंबी कतार में बच्चों को लगना पड़ा। कई जगह व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस प्रशासन की मदद लेनी पड़ी। विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में अधिक उत्साह देखने को मिला।
यह भी पढ़ें: विजयदशमी 2026: दशहरा पर रूट डायवर्जन, शाम 5 बजे से बदलेगा ट्रैफिक, 36 स्थानों पर पुलिस तैनात
दृष्टिबाधितों ने भी दिखाया दम
बांदा में दृष्टिहीनों में भी अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। वे अपने साथ राइटर लेकर आए थे। परीक्षा में शामिल होने के बाद दृष्टिबाधित रोहित ने कहा, ‘पेपर अच्छा हुआ। हमें इस परीक्षा का इंतजार रहता है। ऐसी परीक्षाएं आगे बढ़ने में हमेशा ही सहायक साबित होती हैं।’
इन सेंटरों पर हुई परीक्षा
आगरा, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, अलीगढ़, अल्मोड़ा, अयोध्या (फैजाबाद), बागेश्वर, बाराबंकी, चंपावत, हाथरस, बरेली, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, चंडीगढ़, देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, शामली, चंबा (हिमाचल), ऊना, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), कुल्लू, वाराणसी, हल्द्वानी, हिसार, उधम सिंह नगर, ललितपुर, इटावा, जालौन, बांदा, फर्रुखाबाद, हरदोई, झांसी, करनाल, लखनऊ, बहराइच, बिजनौर, फरीदाबाद, सीतापुर, सोनीपत, मथुरा, रोहतक, रेवाड़ी, झज्जर, नारनौल, सोलन, पिथौरागढ़, सिरमौर, रामपुर (हिमाचल प्रदेश) और गाजीपुर।