महिला की हत्या का मामला: परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इंकार, आरोपियों की गिरफ्तारी और 25 लाख रुपये की मांग
Meerut Woman Murder Case : पीड़ित परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। पीड़ित परिवार की मांग है कि पहले आरोपियों की गिरफ्तारी हो और 25 लाख रुपये की मदद की जाए। इसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विस्तार
मेरठ में इंचौली थाना क्षेत्र के फिटकरी गांव में हुई महिला की हत्या के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी व आर्थिक मदद नहीं दी जाएगी तब तक अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन अपनी जिद पर अड़े रहे।
फिटकरी गांव में रविवार दोपहर को अनुसूचित जाति की फूलसमुंद्री (42) पत्नी अशोक की हत्या कर दी गई थी। महिला का शव ईंख के खेत में पड़ा मिला था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: Murder in Meerut: दिनदहाड़े दो हत्याओं से दहला हस्तिनापुर, अज्ञात हमलावरों ने वारदात को दिया अंजाम
वहीं, सोमवार अलसुबह 3:30 बजे शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, पुलिस ने रात में ही शव का अंतिम संस्कार करने की बात कही। लेकिन, परिजनों ने इंकार कर दिया। इस बीच भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने 72 घंटे में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से साफ मना कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP: युवक ने खुद को गोली मारकर दी जान, सामने आई चौंकाने वाली वजह, पुलिस भी हैरान
इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी गहमा-गहमी होती रही। सीओ सदर देहात देवेश सिंह, एसडीएम मवाना आदि मौके पर उपस्थित रहे और परिजनों को समझाया। दोपहर तक भी शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका।