Meerut: दरोगा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिला से सात लाख की ठगी, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
दरोगा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगी करने के मामले में चार आरापियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया गया कि दरोगा की फर्जी आईडी से सात लाख रुपये की ठगी का महिला को शिकार बनाया गया।
विस्तार
मेरठ पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में तैनात दरोगा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगों ने महिला से 7 लाख की ठगी कर ली। महिला ने इसकी जानकारी दरोगा को दी तो उन्होंने फोन नंबर के आधार पर तीन महिलाओं समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित कोतवाल धन सिंह गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में दरोगा के पद पर तैनात हैं। 23 दिसंबर 2023 को बुलंदशहर जिले के गुलावठी निवासी महिला उमा चौधरी उनके पास विद्यालय में आई।
उसने बताया कि आपकी फेसबुक आईडी से उसके साथ 7 लाख रुपये की ठगी हो गई है। जिसके बाद उन्हें पता चला कि किसी व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना रखी है। जिस पर उनकी फोटो भी लगाई हुई है।
इस आईडी से लोगों के साथ ठगी की जा रही है। उमा चौधरी ने उन्हें चार मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए और बताया कि इन नंबरों से उसके पास कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपनी बातों में फंसाकर पैसों की मांग की।
दरोगा ने पुलिस को मोबाइल नंबर और फेसबुक आईडी की यूआरएल आईडी भी पुलिस को उपलब्ध कराई। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने सोनभद्र जिले के खैराही पगिया निवासी सुरेश कुमार, गांधी नगर ईस्ट दिल्ली निवासी मधु सिंह, कोसीकलां मथुरा निवासी अंजू जैन और दार्जलिंग पश्चिम बंगाल निवासी अनु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।