मेरठ: फोन पर तीन बार तलाक बोलकर व्हाट्सएप पर भेजा वीडियो, पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में महिला ने पति पर फोन पर तीन बार तलाक बोलने और व्हाट्सएप पर वीडियो भेजने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर फोन पर तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने और इसका वीडियो व्हाट्सएप पर भेजने का आरोप लगाया है। महिला ने पति पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
फोन पर तीन बार तलाक बोलने का आरोप
शौकत कॉलोनी की बरकत वाली गली निवासी सोनी ने शनिवार को लिसाड़ी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला के अनुसार, छह नवंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे उसके पति सलीम ने मोबाइल पर फोन किया। बातचीत के दौरान पति ने कहा कि वह उसके साथ नहीं रह सकता। इसके बाद उसने उसे अपनी जिंदगी से आजाद करने की बात कहते हुए तीन बार तलाक बोला।
व्हाट्सएप पर भेजा कथित वीडियो
महिला ने आरोप लगाया कि पति ने तलाक देने की पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसके व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। सोनी ने पति की इस हरकत का विरोध किया। उसका कहना है कि इस घटना के बाद पति का व्यवहार और आक्रामक हो गया। वह फोन पर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
एसएसपी से शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी की धमकियों के कारण उसका घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। उसने आठ नवंबर को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
