Meerut: धर्म छिपाकर कोर्ट मैरिज और उत्पीड़न का आरोप, पीड़िता ने बेटी की सुरक्षा को लेकर जताई आशंका
मवाना में एक महिला ने दूसरे समुदाय के व्यक्ति पर धर्म छिपाकर कोर्ट मैरिज करने और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बेटी की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मेरठ के मवाना कस्बा निवासी एक महिला ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर एक व्यक्ति पर पहचान एवं वैवाहिक स्थिति छिपाकर उससे कोर्ट मैरिज कराने और उसके साथ मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसने अपनी शिकायत में अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंका जताई है।
बुधवार को पीड़िता सामाजिक संगठन के सदस्यों के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: Meerut: मरीज को भर्ती न करने का आरोप, मेडिकल कॉलेज के पार्क में पिता ने बेटे को फीडिंग ट्यूब से पिलाया दूध
पीड़िता के अनुसार, आठ वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात आरोपी से ई-रिक्शा के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने स्वयं को अविवाहित और हिंदू बताकर विश्वास जीता। पीड़िता का कहना है कि समय के साथ वह उसके संपर्क में रहा और विवाह का आश्वासन देता रहा।
पीड़िता ने बताया कि 14 अक्तूबर 2024 को दोनों ने पंजाब के एक पते का प्रयोग करते हुए कोर्ट मैरिज की। आरोप है कि बाद में आरोपी ने उसे किराए के मकान में रखा और बीच-बीच में मिलने आता रहा। इस दौरान गर्भ धारण होने पर उसका गर्भपात कराए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी द्वारा उस पर धार्मिक रीति-रिवाज बदलने का दबाव बनाया गया। जब वह आरोपी के घर गई तो वहां मारपीट की गई और धमकियां दी गईं।
सीओ पंकज लवानिया ने कहा कि प्रकरण संवेदनशील है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।