Kanwad Yatra: दिल्ली रोड के बाद हापुड़ रोड भी वन-वे, जीरो माइल और हापुड़ अड्डे पर लगा लंबा जाम
कांवड़ यात्रा के बढ़ते दबाव को देखते हुए मेरठ में दिल्ली रोड के बाद अब हापुड़ रोड को भी वन-वे कर दिया गया है। नई यातायात व्यवस्था लागू होने के बाद शुक्रवार को जीरो माइल और हापुड़ अड्डे पर लंबा जाम लगा, हालांकि बाद में यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और सिविल डिफेंस की मदद से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
विस्तार
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली रोड के बाद अब हापुड़ रोड को भी वन-वे कर दिया गया है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने सभी प्रमुख प्वाइंटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है और बैरियर लगाकर सामान्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है।
शुक्रवार को नई व्यवस्था लागू होने के बाद जीरो माइल और हापुड़ अड्डे पर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: Meerut: मुख्यमंत्री योगी आठ अगस्त को शिवभक्तों पर करेंगे पुष्प वर्षा, दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
एसएसपी अविनाश पांडेय के निर्देश पर एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सुबह से बेगमपुल से हापुड़ रोड की ओर जाने वाले मार्ग को वन-वे कर दिया गया है। वन-वे व्यवस्था लागू होने के कारण जीरो माइल पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
ई-रिक्शा संचालन पर रोक से मिली राहत
गंगा प्लाजा के सामने भी दोपहर के समय कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद बेगमपुल से केसरगंज तक ई-रिक्शा का संचालन बंद कराया गया, जिससे वहां जाम की स्थिति में सुधार हुआ।इसी तरह बेगमपुल से हापुड़ अड्डे तक अवैध ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाने से भी यातायात काफी हद तक सामान्य हो गया।
पुलिस और सिविल डिफेंस ने संभाली व्यवस्था
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ संबंधित थानों की पुलिस और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवियों को भी लगाया गया। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती दबाव के बाद स्थिति में सुधार हुआ है और अब यातायात पहले की तुलना में काफी सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।