मेरठ: STF का पेट्रोल पंपों पर छापा, मशीनों में मिली गड़बड़ी, कई मालिक हिरासत में, पूछताछ जारी
मेरठ: STF की टीम ने पेट्रोल पंपों पर छापा मारा। एसटीएफ की टीम ने मशीनों में गड़बड़ी पकड़ी है। वहीं कई मालिकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
मेरठ में नायरा कंपनी के पेट्रोल पंपों पर गुरुवार शाम को एसटीएफ मेरठ ने बड़ी कार्रवाई कर दी। पांच पेट्रोल पंप पर मिलावट और घटतौली पकड़ी है। तीन पंप के मालिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही हैं।
एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह ने बताया कि पंप की मशीन में लगे मदर बोर्ड को होल्ड कर ऑटोमैटिक मशीन में चिप लगाकर सिस्टम को हैक किया जा रहा था। इसके बाद मिलावट और घटतौली की जा रही थी।
पिछले कुछ समय से नायरा कंपनी के पंपों पर मिलावट और घटतौली की शिकायतें पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के पास आ रही थीं। गुरुवार शाम एसटीएफ की टीम ने शहर और देहात के 12 पेट्रोल पंपों पर एक साथ छापा मारा। संदेह होने पर परतापुर एनएच-58 हाईवे, माधवपुरम, सैनी इंचौली, मवाना और हसनपुर भटीपुरा में बने पेट्रोल पंप पर एसटीएफ ने जिला आपूर्ति की टीम को बुलाकर जांच कराई। एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह ने बताया कि इन पांच पंपों पर मिलावट और घटतौली मिली है।
यह भी पढ़ें: आखिर मिल गई दुल्हन: ढाई फीट के अजीम ने PM-CM को लेकर कही ये बात, हनीमून के सवाल पर बताया आगे का प्लान
जांच टीम के मुताबिक, पंप की मशीन के मदर बोर्ड को होल्ड किया गया था और ऑटोमैटिक सिस्टम में चिप लगी थी। मशीन के सिस्टम को हैक करने के बाद ही मिलावट और घटतौली का काम किया जाता था। जांच के बाद संबंधित थाना पुलिस को पंप पर बुलाया गया है।
यह भी पढ़ें: अनोखा निकाह: गोद में उठाकर स्टेज तक लाए गए दूल्हा-दुल्हन, कभी मुसीबत बन रहे कद ने अजीम और बुशरा को दिलाया फेम
वहां परतापुर वाले पंप मालिक अश्रेय, माधवपुरम के अवनीश और सैनी पंप के मालिक राकेश गुप्ता को हिरासत में लिया गया है। मवाना और हसनपुर भटीपुरा वाले पंप मालिक फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस लगी है। एएसपी एसटीएफ ने बताया कि जिला आपूर्ति अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डीएम की अनुमति के बाद कार्रवाई होगी।