यूट्यूब पर खूब चमक रहे मेरठी सितारे, तस्वीरों में देखें नए अंदाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया आज प्रसिद्धि का ऐसा जरिया बन चुका है, जिससे जुड़कर आप अपने काम को एक साथ करोड़ों लोगों तक पहुंचा सकते हैं। टीवी पर दिखने का सपना तो हर युवा का होता है, लेकिन बहुत कम है जिनका यह सपना सच होता है। शहर के कुछ कलाकार ऐसे हैं जिन्होंने घर बैठे यूट्यूब की मदद से दुनिया भर में नाम कमाया है। चाहने वालों ने इनकी काबिलियत की प्रशंसा भी की है। कई को इससे बड़ा फायदा हुआ है।
कुकिंग के शौक को यूट्यूब से मिला नाम
जागृति विहार निवासी ज्योति शर्मा को बचपन से कुकिंग का शौक है। वे कुकरी क्लास में युवतियों, महिलाओं को खाना बनाना सिखाती हैं। कॉलेज व हॉबी क्लास में जाकर कुकिंग के लेक्चर लेती हैं। अपनी क्लास भी चलाती हैं। छह महीने पहले ज्योति ने अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू किया है। इस चैनल पर ज्योति अपनी रेसिपीज की वीडियो रिकॉर्ड करके उसे अपलोड करती हैं। वीडियो को फेसबुक और व्हाट्सएप पर साझा कर रही हैं। बकौल ज्योति 25 सालों में जो प्रसिद्धि मुझे मेरठ में रहकर नहीं मिली, वह मात्र छह महीने में यूट्यूब की मदद से मिल गई। यूट्यूब पर मेरे वीडियो देखकर दूसरे शहरों की महिलाएं मुझसे कुकिंग की जानकारी लेती हैं। ऑनलाइन रेसिपीज़ मंगाती हैं। इससे मुझे बिजनेस में भी लाभ हुआ है। मेरी रचनात्मकता भी बढ़ी है। लगता है तकनीक के साथ मिलकर मैं तरक्की की ओर कदम बढ़ा रही हूं। मेरे बेटे ने मेरे लिए यूट्यूब चैनल शुरू किया है।
कमी और खासियत चली पता
बचपन से गायकी के शौकीन आकाश गुप्ता पिछले एक साल से अपना यूट्यूब चैनल चला रहे हैं। वे बताते हैं मेरा सपना इंडियन आइडियल में जाना है। इसकी शुरुआत मैंने अपने यूट्यूब चैनल से की। अपनी पांच वीडियो रिकॉर्ड कराके उसे चैनल पर अपलोड कर चुका हूं। पहले वीडियो दिवानियां को काफी अच्छा रिस्पांस मिलने के बाद मुझे भरोसा हुआ कि मैं और वीडियो अपलोड करूं। मैंने पांच वीडियो अब तक अपने चैनल पर अपलोड किए हैं। इसे काफी सबस्क्राइबर मिले हैं। अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। अपनी कमियों के बारे में कमेंट्स से पता चलता है, अपनी खूबियां भी नजर आती हैं।
पहले ही वीडियो पर मिले एक हजार व्यू
नई सड़क निवासी लविना अग्रवाल ने पिछले दो महीने से अपना यूट्यूब चैनल चला रही हैं। बचपन से गायकी की शौकीन लविना पिछले 4 साल से संगीत सीख रही हैं। बीटेक के बाद उन्होंने परिवार का बिजनेस तो संभाल ही, वहीं संगीत को भी समय दे रही हैं। एक महीने पहले ही अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया है। पहला वीडियो सोच नाम से डाला है। एक महीने में इस गीत को एक हजार लाइक्स मिल चुके हैं। बकौल लविना पहले वीडियो को इतना अच्छा रिस्पांस मिला है मेरा हौसला और बढ़ा है। मैं अब हर महीने एक वीडियो अपलोड करके अपने चैनल को और आगे बढ़ाऊंगी। ज्यादा वीडियो से अच्छी पब्लिसिटी होगी। लोग कमेंट्स करते हैं तो अपनी कमी भी पता चलती हैं।
अपने लिए गायकी, परिवार के लिए पढ़ाई
12वीं के छात्र शिवम बंसल दो सालों से संगीत सीख रहे हैं। एमपीएस स्कूल से कॉमर्स के छात्र शिवम को गायकी का जुनून है। वह कहते हैं पढ़ाई तो परिवार क ी वजह से कर रहा हूं, मेरा सपना गायक बनना है। एक जनवरी 2017 नए साल के दिन अपने यूट्यूब चैनल शुरू किया। पहला वीडियो अपलोड किया। एमएस धौनी फिल्म के गीत को रिकॉर्ड करके यूट्यूब पर डाला। दो महीने में वीडियो को चैनल पर 70 सबस्क्राइबर मिल गए हैं। 189 लाइक्स भी मिले हैं। इससे मेरा हौसला बढ़ा है। जितने ज्यादा सबस्क्राइबर होंगे उसके बाद इससे अर्निंग भी शुरू कर सकता हूं।
दो साल से चला रहे यूट्यूब चैनल
मेट्रो प्लाजा निवासी नकुल पिछले छह साल से संगीत सीख रहे हैं। शास्त्रीय संगीत में प्रभाकर किया है। दो सालों से अपना यूट्यूब चैनल चला रहे हैं। कई वीडियो रिकॉर्ड करके अपने चैनल पर अपलोड कर चुके हैं। नकुल कहते हैं बॉलीवुड में गाने का मौका कब मिलेगा यह तो नहीं पता वहां बहुत प्रतियोगिता है, लेकिन इंटरनेट पर वीडियो अपलोड करके कम समय में अच्छा फेम मिला है। पढ़ाई के बाद पापा का बिजनेस संभाल रहा हूं, संगीत सीख भी रहा हूं। दो सालों में मेरा चैनल काफी लोकप्रिय हुआ है। लेकिन गूगल से कोई एड अभी तक नहीं मिला। इससे एक चीज अच्छी हुई कि स्टूडियो सिंगिंग का अनुभव बढ़ा है। इसलिए बॉलीवुड का इंतजार किए बिना मैं यूट्यूब पर खुद को लगातार सक्रिय रखता हूं।
ऐसे बनाएं अपना यू ट्यूब चैनल
अपने यूट्यूब चैनल को क्रिएट करना बेहद आसान है। यह निशुल्क है। यूट्यूब खोलकर उसे गूगल अकाउंट के साथ लिंक करके साइन इन करें। इसके बाद यूट्यूब आपसे वीडियो की श्रेणी मांगेगी। अपने वीडियो की श्रेणी व प्रोफाइल के सवालों के जवाब देकर आप अपना यूट्यूब चैनल बना सकते हैं। जब भी कोई वीडियो आप चाहें अपने चैनल पर अपलोड करें। जितना ज्यादा वीडियो अपलोड होगा, उनका प्रचार प्रसार होगा उतना ही लाभ आपको होगा। वीडियो पर लाइक्स की संख्या बढ़ने के साथ ही गूगल आपको तयशुदा राशि का भुगतान करना शुरू करेगा। चैनल आपके नाम से होगा, इसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, मैसेंजर, स्काइप आदि के साथ साझा कर सकते हैं। हर प्रकार की वीडियो अपलोड कर सकते हैं।
सबस्क्राइब, लाइक्स, कमेंट्स से होगा सुधार
चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो को आपके साथी खुद भी साझा कर सकते हैं। इससे आपकी लोकप्रियता और बढ़ेगी। यूट्यूब चैनल बिजनेस में आगे जाने का मौका मिलेगा। चैनल पर अपना वीडियो अपलोड करेंगे, उसे जितने ज्यादा लोग देखेंगे उतना बेहतर है। चैनल पर लाइक्स कर सकते हैं। लोग अपने कमेंट्स भी आपके यूट्यूब वीडियो पर दे सकते हैं, आपसे सवाल पूछ सकते हैं। इसके अलावा आपके चैनल को सबस्क्र ाइब के विकल्प पर जाकर सबस्क्राइब कर सकते हैं। जितने ज्यादा फॉलोअर होंगे उतना ही लाभ आपको मिलेगा।