मेरठ: मुठभेड़ में शरद गोस्वामी गैंग का सक्रिय सदस्य घायल, गिरफ्तार, राजस्थान पुलिस का था पांच हजार का इनामी
मेरठ के टीपीनगर में पुलिस मुठभेड़ में शरद गोस्वामी गैंग का सक्रिय सदस्य अनस घायल होकर गिरफ्तार हुआ। राजस्थान पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद हुए।
विस्तार
मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस की शरद गोस्वामी गैंग के सक्रिय सदस्य और गैंगस्टर अनस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार अनस ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा। अनस पर राजस्थान पुलिस की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित बताया गया है।
रेलवे लाइन किनारे गश्त के दौरान दिखा संदिग्ध
सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश के अनुसार, बुधवार देर रात मंडी और वेदव्यासपुरी चौकी की पुलिस टीमें मोहमकपुर पुलिया के पास रेलवे लाइन किनारे गश्त कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों की आड़ में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
फायरिंग के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ली। पुलिस के अनुसार बदमाश लगातार फायरिंग करता रहा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान मकबरा डिग्गी, थाना रेलवे रोड निवासी अनस के रूप में हुई है।
तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद
पुलिस ने अनस के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
शरद गोस्वामी गैंग से जुड़ा होने का दावा
पुलिस पूछताछ में अनस ने खुद को शरद गोस्वामी गैंग से जुड़ा बताया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूर्व में लूट और छीने गए मोबाइल फोन की बांग्लादेश और नेपाल में खरीद-फरोख्त में शामिल होने की बात भी बताई है। इन दावों की पुलिस जांच कर रही है।
मेरठ में 12 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार अनस के खिलाफ मेरठ के अलग-अलग थानों में 12 प्राथमिकी दर्ज हैं। वह गैंगस्टर का भी आरोपी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और दूसरे मामलों में उसकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
राजस्थान पुलिस ने घोषित किया था इनाम
अनस पर राजस्थान पुलिस की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अब मेरठ पुलिस उसके कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क और बांग्लादेश-नेपाल से जुड़े मोबाइल कारोबार के दावों की भी जांच कर रही है।