मेरठ : फिल्म 'पद्मावत' का जबरदस्त विरोध, PVS- शॉप्रिक्स मॉल में तोड़फोड़, फोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मेरठ में फिल्म पद्मावत का जबरदस्त विरोध किया जा रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले बुधवार को आधा दर्जन नकाबपोश युवकों ने पीवीएस मॉल पहुंचकर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान उन्होंने मॉल पर जमकर पथराव किया। पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन की। उधर, सवर्ण संरक्षण सभा व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, महाराणा प्रताप राजपूत सेना और संगीत सोम सेना सहित सैकड़ों लोगों ने शॉप्रिक्स मॉल पर धावा बोल दिया। उन्होंने पुलिस चौकी में घुसकर फिल्म का विरोध किया। इतना ही नहीं बल्कि मॉल में तोड़फोड़ करते हुए चेतावनी दे दी कि कल यानी गुरुवार को शहर के नौ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच मॉल में शॉपिंग कर रहे लोग बुरी डर गए। इसके बाद एसपी सिटी मानसिंह चौहान करीब आठ थानों की पुलिसफोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को शांत कराया। दोनों मॉल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि शहर के ज्यादातर सिनेमाघरों पर पुलिस फोर्स तैतान कर दी गई है। वहीं दिल्ली रोड पर भयंकर जाम लगा हुआ है।
बता दें कि फिल्म पद्मावत 25 जनवरी को शहर के सभी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों व मल्टीप्लेक्स में रिलीज हो रही है। शहर में फिल्म के रिलीज होने से पहले 24 जनवरी को प्रीव्यू शो चलाया जाएगा। दिल्ली रोड स्थित शॉप्रिक्स मॉल के वेव सिनेमा में 24 की शाम को फिल्म के दो प्रीव्यू शो चलेंगे।
पहला शो शाम 7:25 बजे और दूसरा शो रात 10:30 बजे चलाया जाएगा। सिनेमा के मैनेजर संजीव कुमार ने बताया हालांकि प्रीव्यू शो के लिए अभी कोई एडवांस बुकिंग नहीं हो रही है। लेकिन रिलीजिंग से पहले दो शो बुधवार की शाम चलेंगे। शहर में फिल्म कितने शो में चलेगी, इस बारे में अभी कुछ तय नहीं है। सिनेमा संचालक भी इस बात पर चुप हैं। सिनेमा संचालक तो मूवी की ऑनलाइन बुकिंग होने की बात भी मानने से इंकार कर रहे हैं। लेकिन बुक मॉय शो पर फिल्म की मेरठ के सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में बुकिंग हो रही है। हालांकि वेव सिनेमा ने भी दो दिन पहले मूवी की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी थी। दो दिन ऑनलाइन बुकिंग चालू रही, सोमवार को बुकिंग क्लोज कर दी।
विभिन्न संगठनों ने किया विरोध
सवर्ण संरक्षण सभा व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला इकाई ने मंगलवार को कमिश्नरी चौराहा और कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर फिल्म पद्मावत पर आक्रोश जताया। सवर्ण संरक्षण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक गहलोत के नेतृत्व में चौ. चरण सिंह पार्क में बैठक हुई और फिर कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगर यह फिल्म रिलीज होती है तो सम्पूर्ण सवर्ण समाज इसका विरोध करेगा और इसको लेकर विशाल जन आंदोलन भी किया जाएगा। टीटू राणा, संजीव पुंडीर, अमित सोम, दुष्यंत तोमर, नितिन गर्ग, बबीता गुप्ता, गगनदीप गौतम, अनुज कौशिक, दीपक शर्मा, नीरज ठाकुर, मनोज चौहान आदि रहे। फिल्म के खिलाफ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला इकाई के बैनर तले कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष ठा. कुलदीप तोमर, सतपाल तोमर, दिनेश, गौरव चौहान, मोहित प्रधान, निपुण चौहान, चेतन पंवार, सागर यादव, दक्ष भारद्वाज, निशांत चौहान, आयुष अग्रवाल, मोनू शर्मा मौजूद रहे।
पद्मावत के प्रदर्शन के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सिनेमाघरों की वीडियोग्राफी कराने के साथ पुलिस और पीएसी बल तैनात किया जाएगा। मंगलवार को शॉप्रिक्स, पीवीएस मॉल्स और कुछ सिनेमाघर संचालक एसएसपी मंजिल सैनी और एसपी सिटी मान सिंह चौहान से मिले। प्रदर्शन के दौरान विरोधी संगठनों द्वारा तोड़फोड़ की आशंका जताकर सुरक्षा मांगी। एसपी सिटी ने बताया कि एसएसपी खुद इसे लेकर गंभीर हैं। उनके निर्देश पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। जिन मॉल्स या सिनेमाघर में फिल्म का प्रदर्शन होगा वहां पर स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी भी तैनात होगी। सीओ भी अपने क्षेत्र के मॉल्स और सिनेमाघरों में गश्त पर रहेंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/