Meerut : सेहत से खिलवाड़... छूट के नाम पर बेच दिया एक्सपायर्ड माल, जहरीले कुट्टू ने बीमार किए थे 94 लोग
छीपी टैंक से बेगमपुल तक बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट और किराना विक्रेता मुनाफे के लालच में सामान ई-स्टोर से खरीदकर ले गए।
विस्तार
मेरठ के बच्चा पार्क छीपी टैंक पर ई-स्टोर बंद होने के बाद संपत्ति मालिक ने शनिवार सुबह 50 से 75 प्रतिशत छूट के साथ इस्तेमाल की समय सीमा समाप्त होने वाला (एक्सपायर्ड) माल बेचना शुरू कर दिया। छीपी टैंक से बेगमपुल तक बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट और किराना विक्रेता मुनाफे के लालच में सामान ई-स्टोर से खरीदकर ले गए। सूचना पर पहुंची खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन की टीम ने बिक्री रुकवाकर पूरे स्टॉक को सील कर दिया। देर शाम तक विभागीय अधिकारियों ने स्टॉक की गिनती के बाद संपत्ति मालिक को आदेशित किया कि वह नए आदेश आने तक स्टॉक को सुरक्षित रखें।
तीन दिन पूर्व ही गणेशपुरी और गौतमनगर में मिलावटी कुट्टू का आटा खाकर 94 लोग बीमार हो गए थे। अब शनिवार को ई-स्टोर से छूट के नाम पर खाद्य पदार्थ बेच दिए गए। इनमें चिप्स, पापड़, विभिन्न तरह के मसाले, नूडल्स, सॉस, कचरी, कोनफ्लेक्स, चॉकलेट आदि शामिल रहे।
वहीं, सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची तो खरीदारी कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। टीम ने तुरंत मॉल के दरवाजे बंद कर दिए। विभागीय सूत्रों के अनुसार दो फ्लोर के इस मॉल में फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स, ग्रॉसरी, इलेक्ट्रानिक्स और अन्य तरह का सामान रखा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संपूर्ण खाद्य पदार्थ के स्टॉक की जांच की। जांच में स्टॉक की इस्तेमाल की समय सीमा खत्म पाई गई। इसके चलते स्टॉक को सील कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: भाई बहन की हत्या: मेराब-कोनेन से पहले पैदा हुए बच्चों की भी हत्या की आशंका, पुलिस ने बैठाई जांच
पुलिसकर्मियों ने भी खरीदा सामान
ई-स्टोर से खरीदारी पर चार प्रतिशत की छूट दी जाती थी। स्टोर पर काम करने वाले कर्मचारी ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ का भी वादा करते थे। ई-स्टोर संचालक ने घाटा होने के कारण किराया भी नहीं दिया था और रातोंरात स्टोर बंद कर फरार हो गया। इस बीच ई-स्टोर में लाखों के मॉल रखा रह गया। इसके बाद संपत्ति मालिक ने बिक्री के दौरान मौके पर पुलिस को भी बुला लिया। सूत्रों के अनुसार ग्रॉसरी सहित अन्य सामान की पुलिसकर्मियों ने भी खरीद की।
तीन से छह माह तक की समय सीमा
एफएमसीजी उत्पादों को तीन से छह माह तक की प्रयोग समय सीमा होती है। कुछ उत्पादों की नौ माह तक की भी होती हैं। ई-स्टोर को बंद हुए लगभग नौ माह हो चुके हैं। ऐसे में 98 फीसदी सामान की समय सीमा पूरी हो गई। इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग सामान खरीदकर ले गए।
कुट्टू का आटा खाकर बीमार हुए लोगों को मिली अस्पताल से छुट्टी
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गौतम नगर और गणेशपुरी में कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए लोगों की हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने शनिवार को छुट्टी दे दी है। इन लोगों में घबराहट, उल्टी और कमजोरी की शिकायत थी।
अब उनकी हालत में सुधार है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके मिश्रा ने बताया कि व्रत के समान में मिलावट की शिकायत के बाद अब दूध, कुट्टू का आटा समेत व्रत की अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लेने शुरू कर दिए गए हैं।
अग्रिम आदेश तक माल न बेचा जाए
जांच के बाद संपत्ति मालिक से कह गया है कि अग्रिम आदेश तक वह माल को नहीं बेचेंगे। अग्रिम आदेश तक उसे यह स्टॉक संभालकर रखना होगा। - शिवकुमार मिश्रा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी