UP: अब सरधना बन रहा मिनी सोतीगंज, पुलिस की नाक के नीचे चल रहा है बड़ा खेल, कार्रवाई के नाम पर खानापूरी
Meerut News : अब सरधना मिनी सोतीगंज बनता जा रहा है। यहां धड़ल्ले से वाहनों को काटा जा रहा है। जानिए कैसे पुलिस की नाक की नीचे बड़ा खेल चल रहा है।
विस्तार
मेरठ के सरधना में कालंद रोड पर पुलिस की नाक के नीचे मिनी सोतीगंज धड़ल्ले से चलता मिला। नगर के लोगों द्वारा वाहनों के कटान की शिकायत कई बार एसएसपी से किए जाने के बाद थाना पुलिस ने कार्रवाई की। कार्रवाई के नाम पर भी पुलिस ने बड़ा खेल किया। 24 घंटे तक पुलिस मौके से दर्जनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गुडवर्क बताती रही। फिर बाद में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने चार बाइकें व बाइकों के पुर्जे बरामद करने का दावा किया है।
नगर के कालंद रोड स्थित बर्फ फैक्टरी के पास बुधवार रात बंद पड़े एक मकान पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने कई बाइकें बरामद कीं, जिनमें कुछ बाइकों के पुर्जों के ढेर लगे थे व कुछ बाइकें कटी हुई पड़ी थीं। पुलिस ने मौके से नौ युवकों को भी हिरासत में लिया और पूछताछ की। दिनभर आरोपियों को छुड़ाने के लिए सफेदपोश नेताओं की थाने में भीड़ लगी रही।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: ...जब रैंप पर उतरे नई-नई नस्ल के पशु, देखते रह गए लोग, सोशल मीडिया पर बटोर रहे खूब सुर्खियां
इससे पहले मोहल्ला इस्लामाबाद, तकियाकैत व कुलंजन गांव से चोरी की कटी बाइक व लोहे का सामान बरामद किया जा चुका है। पुलिस की लापरवाही के चलते सरधना क्षेत्र मिनी सोतीगंज बनता जा रहा है। बीते माह गांव कुलंजन से चोरी की बाइकों के कटे हुए पार्ट्स एक मकान से बरामद हुए थे। साथ ही आरोपी को भी मौके से हिरासत में लिया था। लेकिन पुलिस की मेहरबानी से उसे थाने से ही छोड़ दिया गया था।
वहीं, देर रात पकड़े गए कई आरोपियों को भी पुलिस ने थाने से ही छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की गई।
यह भी पढ़ें: UP: कत्ल की ऐसी वारदात, कांप उठी लोगों की रूह, व्यापारी की हत्या कर पेड़ पर लटकाया शव, फिर जो किया...
पुलिस ने इस मामले में फुरकान पुत्र नसीबुद्दीन निवासी मोहल्ला धर्मपुरा, सलमान पुत्र मेहराजुद्दीन निवासी कालंद चुंगी, आरिफ पुत्र करीम निवासी धर्मपुरा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चार बाइकें व कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं।