आखिर पूरा होगा सपना: अब दिव्यांगजनों को मिलेगा पार्क और लाइब्रेरी, एक साल से चल रही थी कवायद
आखिर अब दिव्यांगजनों का सपना पूरा हो जाएगा। एक साल से फाइलों में उलझे दिव्यांगजन पार्क का कार्य जल्द धरातल पर दिखाई देगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक साल से फाइलों में उलझे दिव्यांगजन पार्क का कार्य जल्द धरातल पर दिखाई देगा। इसके लिए टेंडर पर दो-तीन दिन में अंतिम मुहर लग जाएगी। इसके बाद शताब्दी नगर में दिव्यांगजनों का अपना पार्क होगा। हालांकि पार्क में अन्य लोग भी जा सकेंगे। पार्क दो भागों में बनाया जाना है। इसमें पॉथवे, लाइब्रेरी, अनुभूति पार्क (ब्रेल लिपि भी शामिल), ओपन जिम और ग्रेवल स्टोन आदि की सुविधाएं होंगी। लाइब्रेरी में पठन-पाठन की सहूलियत होगी। इसका डिजाइन तैयार कर लिया गया है।
पार्क के लिए रैपिड रेल और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास स्थित शताब्दी नगर के पॉकेट-बी को चुना गया है। इस पर 57.04 लाख रुपये खर्च होंगे और इसे चार महीने में बनाया जाना है। पहले यह पार्क गंगानगर में बनाया जाना था। इसमें मेसर्स पदम कंस्ट्रक्शन की वित्तीय बिड फाइनल की गई है। इसके अतिरिक्त सात अन्य टेंडर भी वित्तीय बिड में फाइनल किए गए हैं।
एमडीए कई बार से पार्क की टेंडर प्रक्रिया कर रहा है। इसमें कई टेंडर तो ऐसे रहे, जिन्हें तीन-चार बार निकाला गया लेकिन, तकनीकी और वित्तीय बिड तक नहीं ले जाया गया। इस बार भी 19 टेंडर निकाले थे। इसमें से सात ही फाइनल किए गए हैं। वहीं, सात अन्य टेंडर दोबारा वेबसाइट पर अपलोड कर आठ जुलाई को खोले जाएंगे। इसमें कई टेंडर प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े हैं।
उज्जैन गए थे इंजीनियर
तत्कालीन कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम ने दिव्यांगजन पार्क बनाने की पहल की थी। इसके लिए तत्कालीन उपाध्यक्ष राजेश कुमार पांडेय ने इंजीनियरों की टीम को मध्य प्रदेश के उज्जैन भेजा था। इसके बाद प्रस्ताव तैयार कराया गया लेकिन, ये फाइलों में ही घूमता रहा।
इनकी हुई वित्तीय बिड फाइनल
- शताब्दी नगर पॉकेट-बी में दिव्यांगजन पार्क का निर्माण
- शताब्दी नगर योजना के सेक्टर-एक पॉकेट सी में प्रधानमंत्री आवास में सड़क और पुलिया आदि का कार्य
- लोहिया नगर योजना के पॉकेट-एफ बुनकर उद्योग में पार्क की बाउंड्रीवाल का निर्माण
- लोहिया नगर योजना के पॉकेट-एम में क्षतिग्रस्त सड़क, नाली, पुलिया के स्लैब का कार्य
- गंगाधाम कॉलोनी गंगानगर के मुख्य मार्ग के समानांतर नाले का निर्माण
- गांव जटौली के समीप आर्यन स्कूल के सामने सड़क निर्माण
- गंगानगर विस्तार योजना के पॉकेट-डब्ल्यू एवं वी के आंतरिक विकास कार्य
- लोहिया नगर योजना के पॉकेट सीपी में पीएम आवास योजना के निर्माणाधीन ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण
शुरू हो गई प्रक्रिया
प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुछ टेंडर में ठेकेदार कम रुचि दिखा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर नए ठेकेदारों को पंजीकरण कराया जाएगा। - मृदुल चौधरी, उपाध्यक्ष, एमडीए