Meerut News Live: बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक्सप्रेस वे पर आग का गोला बनी कार
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। पश्चिमी यूपी में विभिन्न केंद्रों पर कड़ी तैनाती रहेगी। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।
लाइव अपडेट
बिजनौर के स्योहारा में जीजा द्वारा अपने वृद्ध साले की हत्या करने की गलत सूचना पर पुलिस में हड़कम्प मच गया I मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि वृद्ध की बीमारी के चलते मौत हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी तरुण त्यागी पुत्र शिवकुमार त्यागी का 50 वर्षीय साला विकास त्यागी पुत्र संतोष त्यागी निवासी अमरोहा जो कि पूरी तरह से मानसिक रूप से बीमार था। पिछले दस वर्षों से ग्राम महमूदपुर में ही अपने जीजा तरुण के घर रह रहा था। विकास त्यागी काफी समय से बीमार चल रहा था।
वहीं बृहस्पतिवार की शाम विकास की मौत हो गई। विकास के एक दूर के रिस्तेदार ने पुलिस को फोन कर विकास की हत्या की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी की तो सूचना फर्जी निकली।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि विकास की हत्या की सूचना नहटौर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा दी गई थी, जो कि गलत सूचना थी। किसी के द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है।
बृहस्पतिवार की शाम दिल्ली यमुनोत्री हाईवे स्थित बाबूपुरा नहर मोड़ के पास अन्य वाहन को बचाने के चलते अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससें बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस द्वारा घायलों को एंबुलेंस 108 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा 24 वर्षीय फिरोज पुत्र फैय्याज मृत घोषित कर दिया, जबकि मामूली रूप से घायल हुए आजम पुत्र रागिब को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घायल युवक आजम ने बताया कि वह अपने साथी फिरोज के साथ लोनी में ब्रिज पर कार्य करता है और गुरुवार को वह गांव बरौली के निकट अपने गांव भूलनी थाना फतेहपुर जिला सहारनपुर लौट रहा था कि बाबूपुरा के निकट हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रसैन सैनी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है, मामले की जांच की जा रही है।
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर
रामपुर मनिहारान में दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर मनानी के पास बाइक सवार युवकों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव बढेड़ी घोघू निवासी गुलाब (22) पुत्र ओमपाल अपने साथी संजय पुत्र रघुवीर निवासी नकुड़ के साथ बाइक पर सवार होकर सहारनपुर जा रहे थे, जैसे ही वह दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर गांव मनानी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान गुलाब पुत्र ओमपाल को मृत घोषित कर दिया गया।
यूनिटेक पुलिस चौकी इंचार्ज नितिन कुमार ने बताया कि बाइक सवारों को रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इनमें से एक बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि युवक ने हेलमेट लगाया हुआ था। दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़ कर भाग खड़ा हुआ। बस को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर पंचनामा भर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सहारनपुर जनपद के बेहट में दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर कासमपुर पुलिया के पास कार व बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों ने उपचार के लिए ग्लोकल यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
बताया गया कि हादसा बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव खुशहालीपुर निवासी रणवीर (45) किसी काम से बादशाहीबाग गया था। वापस लौटते समय थाना मिर्जापुर क्षेत्र में कासमपुर पुलिया के पास सामने से आ रही कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में रणवीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार को लेकर फरार हो गया। वहीं राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए ग्लोकल यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
13 मार्च को होगा मेरठ संयुक्त व्यापार संघ का चुनाव
चुनाव अधिकारी महेश सिंघल ने बताया कि नामांकन पत्रों को जमा करने की तिथि 25 फरवरी निश्चित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद सूची 26 फरवरी को सूची प्रस्तुत की जाएगी। 27 फरवरी तक नाम वापस ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2030 को सदर बाजार शिव चौक कैसल व्यू के पास मॉडर्न पब्लिक स्कूल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 14 मार्च को चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव से पूर्व सभी चुनाव संबंधी कार्यक्रम जिमखाना मैदान अपार चेंबर में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होंगे। चुनाव अधिकारी महेश सिंघल के साथ मनोज अग्रवाल, विनोद गोयल और सह चुनाव अधिकारी अंकेश रहेंगे।
कैश काउंटरों पर बिल जमा होने शुरू, ऑनलाइन में दिक्कत बरकरार
पीवीवीएनएल ने 31 जनवरी से 6 फरवरी तक ऑनलाइन बिलिंग प्रणाली का उच्चीकरण किया था। इसके बाद से सॉफ्टवेयर में समस्या बनी हुई है। बिजली बिल जमा करने के साथ-साथ कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं जबकि ऑनलाइन बिलिंग अभी जमा नहीं हो पा रहे हैं। हापुड़ रोड स्थित लोहिया नगर बिजली घर और कुटी चौराहा कैश कांउटर पर बिल जमा करने के लिए लंबी लाइन लगी रही। कुटी चौराहे पर बिल जमा कराने पहुंचे शाकिब ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से ऑनलाइन बिल जमा करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन बिल जमा नहीं हो पाया। बुुधवार से कैश काउंटर पर बिल जमा होने शुरू हुए तो बिल जमा कराया।
मेरठ शहर में बुधवार को 22 कांउटरों पर दोपहर एक बजे तक 1.91 करोड़ रुपये जमा हुए। अधीक्षण अभियंता शहर राजेंद्र बहादुर ने बताया कि ऑनलाइन बिलिंग प्रणाली में समस्या अभी बनी हुई है, जिसके कारण ऑनलाइन बिल जमा नहीं हो पा रहे हैं। जल्द ही सभी कार्य सुचारू रूप से हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि बकायेदारों के कनेक्शन काटने का भी जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
सुबह 8 से 4 बजे तक जमा होंगे बिल
पीवीवीएनएल की ओर से कैश काउंटरों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बिल जमा हो सकेंगे। पूरे फरवरी तक काउंटरों पर बिल जमा करने का यही समय रहेगा।
मंगलवार और शुक्रवार को बिजली घरों पर लगेंगे कैंप
सप्ताह में दो बार मंगलवार और शुक्रवार को बिजलीघरों पर कैंप लगाया जाएगा। उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर उनके खातों से जोड़े जाएंगे। कैंप में विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। कैंप में अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्वयं उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनेंगे।
कोरोना की जांच के लिए अधिकारी के परिवार के चार सदस्यों के नमूने लिए
वह शास्त्रीनगर के रहने वाले हैं। सिंगापुर गए हुए थे। 10 फरवरी को वापस लौटे तो उन्हें खांसी जुकाम और बुखार की शिकायत थी। उन्होंने निजी लैब में जांच कराई तो उसमें कोरोना कि पुष्टि हुई। इनका सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए लखनऊ केजीएमयू भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। जिले में करीब साढ़े तीन माह बाद कोरोना का कोई मरीज मिला है।
रात 10 बजे के बाद नहीं बजेगा डीजे
स्टेडियम में सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरे
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुरक्षा में कई बार चूक के चलते सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। स्टेडियम के मुख्य गेट पर असामाजिक तत्वोंं पर लगाम लगाने के लिए कैमरा लगाया गया है। कार्यालय और मैदान में कुल आठ कैमरे लगाए गए हैं। स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने बताया कैमरे लगने से भविष्य में बाहरी युवकों पर आने में लगाम लगेगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्रपाल सिंह ने बताया खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं, आगे भी ऐसे ठोस कदम उठाए जाएंगे।
एक्सप्रेस वे पर आग का गोला बनी टाटा जेस्ट-फोटो
जानकारी के अनुसार नोएडा गौतम राणा व उसके साथी विपुल टाटा की जेस्ट कार से नोएडा से मुजफ्फरनगर के लिए जा रहे थे। जिस समय उनकी कार रेस्ट एरिया के पास पहुंची तो गाडी में धुआं निकलने लगा। तुरंत ही गौतम राणा व विपुल कार से कूद गए। उनके कूदते ही कार से आग की लपटों ने भयानक रूप ले लिया।
देखते ही देखते कुछ ही देर में गाड़ी जलकर राख हो गई। इस दौरान एक्सप्रेस वे पर वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। इस दौरान वाहन चालकों में भी अफरातफरी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर जीआर इंफ्रा व फायरब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।