Meerut News Live: गमगीन माहौल में जवान का अंतिम संस्कार, कई गांवों के ऊपर 50 मिनट तक घूमता रहा हवाई जहाज
बिजनौर में ग्रामीणों और वन विभाग की काफी तलाश के बाद गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के हमले में किशोरी की मौत के बाद से ग्रामीण भयभीत हैं। सरधना में बाइक सवार बदमाशों ने युवक से लूट कर डाली।
लाइव अपडेट
मंगलवार रात्रि आठ बजे के करीब सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम जगेता नजीब के समीप बिजली के तारों की चपेट में आने से दो घोड़ों की मौत हो गई। बताया जाता है कि चिलकाना थाना क्षेत्र के ग्राम बुड्ढाखेड़ा निवासी गौरव पुत्र जगपाल विवाह समारोह में दूल्हे के लिए सजावट वाली घोड़ा बग्गी चलाने का काम करता है। गौरव आज रामपुर थाना क्षेत्र के इस्लामनगर में विवाह समारोह संपन्न होने के उपरांत घोड़ा बग्गी लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम जगेता नजीब के समीप अचानक बग्गी में जुड़े दो घोड़े बेहद नीचे लटके बिजली के तारों की चपेट में आ गए। जिससे घोड़ों के शरीर में तेज करंट दौड़ गया और दोनों घोड़ों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
ये देख बग्गी पर बैठा मालिक गौरव बदहवास होकर चीख-पुकार मचाने लगा। जिसकी चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग पहुंचे और तत्काल ही पुलिस को हादसे की सूचना देते हुए बिजली को बंद कराया।
मौके पर पहुंचे सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा ने कहा कि हादसे में बिजली का करंट लगने से दो घोड़ों की मौत हो गई है, जबकि बग्गी मालिक सुरक्षित है। बग्गी मालिक की गुहार पर दोनों घोड़ों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सहारनपुर जनपद के चिलकाना में एक व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि गांव महेश्वरी कला निवासी शराफत (46) पुत्र जिंदा ने सोमवार की देर रात अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। शराफत की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सहारनपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान शराफत की मौत हो गई। जहर खाने से किसी व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिलते ही पुलिस रात में ही अस्पताल पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शराफत के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया और कहा कि शराफत काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। उसका काफी समय से इलाज चल रहा था। शराफत की छह बेटी और एक बेटा है। शराफत की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मंगलवार की शाम शराफत को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
बताया गया कि हयात पुत्र आफताब (8) निवासी पठानपुरा अपने ननिहाल बरथाकायस्थ में रहकर गांव के एक मदरसे में पढ़ाई करता है। मंगलवार शाम वह घर के बाहर खेल रहा था। उसी समय पड़ोसी व्यक्ति के पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को पेट और प्राइवेट पार्ट सहित कई जगहों पर काट लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से कुत्ते को भगाकर बच्चे को छुड़ाया। परिजनों ने बच्चे को स्थानीय चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है।
कई गांवों के ऊपर 50 मिनट तक घूमता रहा हवाई जहाज
बिजनौर के स्योहारा क्षेत्र में कई गांवों के ऊपर हवाई जहाज के मंडराने से ग्रामीण हैरत में पड़ गए। लगभग एक घंटे तक भ्रमण करने के बाद हवाई जहाज नूरपुर दिशा में चला गया।
इस दौरान गांव में बच्चे, बूढ़े, जवान, महिला व पुरुष घरों की छत पर चढ़ गए और हवाई जहाज की वीडियो क्लिप बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस संबंध में कार्यवाहक थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।
बिजनौर जनपद के राजा का ताजपुर में पुत्र की पिटाई से दहशत में आई एक वृद्धा की मौत हो गई। आरोपी पुत्र घर से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला सैनी धर्मशाला निवासी 65 वर्षीय वृद्धा ओमवती देवी पत्नी ऋषिपाल के चार पुत्र व एक पुत्री है। छोटा पुत्र सोमवीर शराब पीने का आदि है। बीती रात उसने किसी बात पर अपनी वृद्ध मां ओमवती व अपनी बहू के साथ बेरहमी से मारपीट की। पिटाई से दहशत में आई वृद्धा ने मंगलवार की शाम अपने घर पर दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आदित्य गिरोह के सदस्य विशाल को सुनाई गई सजा, कोर्ट ने जुर्माना भी लगा
बिजनौर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश हनी गोयल ने जानलेवा हमले के दो अलग-अलग मामलों में दोषी पाते हुए विशाल को साढ़े पांच वर्ष के कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। विशाल पुलिस गिरफ्त से फरार हुए आदित्य का साथी है। आदित्य पर ढाई लाख का इनाम घोषित है।
मौलाना जहूर बोले- जमीयत के दीनी तालीमी बोर्ड को मजबूत करें पदाधिकारी
जमीयत उलमा-ए-हिंद (मौलाना महमूद मदनी गुट) की वार्किंग कमेटी की बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जमीयत के दीनी तालीमी बोर्ड को मजबूत बनाने और गोद लिए गांवों को आदर्श गांव बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया गया।
राठी खाप के चौधरी का 105 साल की उम्र में निधन, 350 गांवों में दौड़ी शोक की लहर
बागपत जनपद में बड़ौत के टीकरी कस्बा निवासी राठी खाप के चौधरी ब्रह्म सिंह राठी का 105 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार को राठी खाप चौधरी के निधन से कस्बे में गमगीन माहौल बन गया। उनके अंतिम संस्कार में हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य राठी खाप के गांव सहित दूर-दराज से गणमान्य लोग शामिल हुए। उधर, उनके निधन पर परिजनों में कोहराम मचा है।
सहारनपुर जनपद के बड़गांव में दिल्ली-देहरादून ग्रीन एक्सप्रेस वे पर बड़गांव में कट देने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) गुट ने एक्सप्रेस वे के प्लांट को बंद कराकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उधर, भारतीय किसान मजदूर संगठन का भी धरना 14वें दिन भी जारी रहा।
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे पर आने जाने के लिए बड़गांव में ग्रीन एक्सप्रेस वे पर बड़गांव में कट दिए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू के कार्यकर्ता भी आगे आ गए है।
मंगलवार को किसानों ने यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद राणा व प्रदेश प्रभारी शिवकुमार चौधरी के नेतृत्व में एक्सप्रेस वे के प्लांट का कार्य बंद कराकर अंबेहटाचांद में तंबू गाड़ कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उधर, कट दिए जाने की मांग को लेकर बड़गांव में भी भाकियू का 14वें दिन भी धरना जारी रहा।
मेरठ में जानी थाना क्षेत्र के एक गांव से आई छात्रा ने मनचले पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एसएसपी को एक शिकायती पत्र दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि मनचला उसे कई दिनों से परेशान कर रहा है। मनचले की दहशत के कारण वह दसवीं के पेपर भी नहीं देने गई। मनचले से डर कर परिवार ने भी गांव से पलायन कर लिया है। जानी पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है।
मंगलवार को जानी थाना क्षेत्र के एक गांव से छात्रा का पूरा परिवार एसएसपी ऑफिस पहुंचा। छात्रा के पिता ने एसएसपी को एक शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि उसकी बेटी दसवीं कक्षा की छात्रा है और उसके एग्जाम चल रहे हैं लेकिन, गांव का एक मनचला उसे पिछले तीन महीने से परेशान कर रहा है। जिसके डर से वह दसवीं के बोर्ड के पेपर भी देने नहीं गई।
बताया गया कि छात्रा के पेपर छूट गए। वहीं मनचले के डर से परिवार ने अपने गांव से भी पलायन कर लिया है। पुलिस मनचले के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी देहात को सौंप दी है।