UP: तांत्रिक क्रिया के लिए बच्चा अगवा, 24 घंटे बाद लहूलुहान हालत में पड़ा मिला, हिरासत में पिता-पुत्र
Meerut News : घर से गांव के ही युवक के साथ गया 11 साल का बच्चा गन्ने के खेत में लहूलुहान हालत में मिला। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने गांव के युवक पर तांत्रिक क्रिया का आरोप लगाया है।
विस्तार
मेरठ जनपद के खरखौदा क्षेत्र में गांव चंदपुरा से लापता हुआ बच्चा 24 घंटे बाद लहूलुहान हालत में गन्ने के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर तांत्रिक क्रिया करने का लगाया आरोप। पुलिस ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव चंदपुरा निवासी योगेश पुत्र धर्मपाल के अनुसार, वह गांव में ही किसानों के यहां मजदूरी कर परिवार के साथ जीवन यापन कर रहा है। गांव में उसकी पत्नी 11 वर्षीय बेटा केशव व तीन बेटी उसी के साथ रह रहे हैं। सोमवार को जब वह खेत पर गया हुआ था तो दोपहर में करीब 12 बजे उसका बेटा केशव अपनी मां से गांव के ही एक युवक के साथ कहीं जाने की बात कहकर घर से निकल गया।
वहीं, केशव देर रात तक भी वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। बाद में परिजनों ने सोमवार रात में ही बच्चे की गुमशुदगी के मामले में पुलिस को जानकारी दी। उधर, पुलिस भी सक्रिय हुई और मंगलवार सुबह पीड़ित परिवार के पास पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। गांव के ही कुछ बच्चों ने केशव की चप्पल जंगल में पड़ी होना बताया। जहां पुलिस ने ग्रामीणों के साथ कांबिंग की तो केशव गंभीर घायल अवस्था में गन्ने के खेत में बेशुद्ध, लहूलुहान व अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला।
यह भी पढ़ें: High Profile Case: अधिवक्ता गिरफ्तार, भाजपा नेताओं के खिलाफ जुटाए जा रहे सुबूत, जांच अधिकारी बदला
इसके बाद पुलिस ने तुरंत इस बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों का कहना है कि जो युवक बच्चे को अपने साथ लेकर गया था, उसके परिवार वाले तांत्रिक क्रियाएं करते हैं। आशंका है कि उनके बच्चे को भी तांत्रिक क्रिया के दौरान ही इस अवस्था में छोड़ा होगा। उधर, पुलिस ने संदिग्ध युवक व उसके पिता को भी हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़ें: लव जिहाद पर बड़ा बयान: फिर BJP सांसद पर भड़के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, खूब हुई तीखी बहस, जानिए वजह
बच्चे के कान से गायब है सोने की बाली
पीड़ित परिवार के अनुसार, बच्चे के कान में सोने की बाली पड़ी थी, जो अब गायब है। आशंका यह भी है कि आरोपियों ने बाली छीनने के बाद उसे इस हालत में छोड़कर दिया होगा।